विद्याधाम परिसर से निकला लड्डू गोपाल का डोल सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ नाचते-गाते हुए वेदपाठी बटुक भी हुए शामिल, जगह-जगह हुआ पूजन
इंदौर। विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में डोल ग्यारस के उपलक्ष्य में भगवान बालकृष्ण लड्डू गोपाल का सुश्रृंगारित डोल, बैंड-बाजों और परम्परागत वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच निकाला गया। एक अन्य डोल में गणेशजी भी विराजित थे। विद्याधाम परिसर में स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती द्वारा पूजन के पश्चात डोल का चल समारोह कालानी नगर, सुखदेव नगर, 60 फीट रोड, कान्यकुंज नगर होते हुए पुनः विद्याधाम परिसर पहुंचा। डोल यात्रा में बड़ी संख्या में स्वामी गिरिजानंद सरस्वती वेद वेदांग विद्यापीठ के 200 से अधिक वेदपाठी बटुक, महिलाएं एवं आश्रम से जुड़े सैकड़ों श्रद्धालु भजन गाते और नाचते-गाते हुए चल रहे थे। अश्वारोही बालक भी नाचते-गाते हुए शामिल हुए। मार्ग में अनेक स्थानों पर डोल का पूजन किया गया। आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा, यदुनन्दन माहेश्वरी, राजेन्द्र महाजन, ट्रस्ट की मंत्री सुश्री उमा शुक्ला सहित अनेक श्रद्धालु शामिल हुए।


