25 साल बाद फिर मिले एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर, ताजा कीं पुरानी यादें
देश-विदेश में कार्यरत 2001 बैच के करीब 100 चिकित्सक ‘नॉस्टैल्जिया–2001’ के मंच पर जुटे
इंदौर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज, इंदौर के वर्ष 2001 बैच के करीब 100 चिकित्सक 25 वर्षों बाद एक बार फिर अपने कॉलेज में एकत्र हुए और छात्र जीवन की सुनहरी यादों को ताजा किया। बैच के रजत जयंती पुनर्मिलन समारोह को ‘नॉस्टैल्जिया–2001’ नाम दिया गया था। इसमें देश-विदेश के विभिन्न शहरों में कार्यरत चिकित्सकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कॉलेज के सभागृह में आयोजित शुभारंभ समारोह के दौरान चिकित्सकों ने अपने कॉलेज जीवन के सुनहरे दिनों को याद किया। लेक्चर हॉल, डिस्कशन हॉल और एमवाय अस्पताल के विभिन्न विभागों में बिताए पलों की चर्चा के साथ उस दौर के अनेक रोचक और मजेदार किस्से भी गर्मजोशी से साझा किए गए।
आयोजन के मीडिया समन्वयक डॉ. पुनीत गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन केवल पुनर्मिलन नहीं, बल्कि 25 वर्षों की दोस्ती, साझा यादों, गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता और चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण का उत्सव था। आयोजन समिति के सदस्यों डॉ. किरण अग्रवाल, डॉ. वरुण चौहान, डॉ. प्रशांत जैन, डॉ. सुरेश बेंडवाल, डॉ. जुजैर अली बैगवाला, डॉ. चंद्रप्रकाश अहिरवार, डॉ. अर्जुन जैन और डॉ. दीपाली पंवार सहित अन्य सदस्यों की भूमिका उल्लेखनीय रही। 25 वर्षों बाद मिले इन साथियों ने जब अपने कॉलेज और एमवाय अस्पताल के विभिन्न विभागों को एक बार फिर देखा, तो पुरानी यादें मानो चलचित्र की तरह आंखों के सामने जीवंत हो उठीं।
डॉ. गुप्ता के अनुसार, समारोह में कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया सहित 40 प्राध्यापकों का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस अवसर पर वर्ष 2001 बैच की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। विशेष रूप से डॉ. किरण अग्रवाल द्वारा All India Pre PG 2007 में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम रैंक प्राप्त करने की उपलब्धि को याद करते हुए उन्हें पुनः बधाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीति मित्तल, डॉ. करुणा मुजाल्दा और डॉ. आवेग भंडारी ने किया। डॉ. दीपिका शर्मा ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। समारोह के अंत में बैच के सदस्यों ने अपने गुरुजनों के साथ समूह छायाचित्र खिंचवाया और समाज एवं राष्ट्र की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर ‘प्रतिबिम्ब’ नामक विशेष स्मारिका का प्रकाशन भी किया गया। इसमें बैच के सभी सदस्यों के व्यक्तिगत परिचय, जीवनवृत्त तथा साथियों द्वारा लिखे गए आत्मीय लेख शामिल किए गए। कॉलेज जीवन की सुनहरी यादों, दोस्ती के अनमोल रिश्तों और जीवन के विविध अनुभवों को समेटने वाली इस स्मारिका की सभी सदस्यों ने खूब सराहना की। इस पुनर्मिलन के अंतर्गत शहर के एक वाटर पार्क और रिसॉर्ट में दो दिवसीय आत्मीय मिलन समारोह भी आयोजित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, बैच फोटोग्राफी, विभिन्न खेलों, पूल पार्टी, म्यूजिकल बैंड और डीजे नाइट ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया। 25 वर्षों बाद मिले दोस्तों के बीच कई ऐसे प्रसंग सामने आए, जिनसे पूरा माहौल मानो ढाई दशक पीछे लौट गया। खुशनुमा पलों, हंसी-मजाक, मस्ती और भावुक क्षणों से सजा यह पुनर्मिलन समारोह जल्द ही फिर मिलने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

