बॉलीवुड गरबा नाइट’ की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी
इंदौर। महेश्वरी प्रीति क्लब के नए सत्र का शपथ ग्रहण समारोह उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। क्लब के प्रचार सचिव कपिल वर्षा राठी ने बताया कि समारोह में सामाजिक प्रतिबद्धता, आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक उत्सव का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए ‘बॉलीवुड गरबा नाइट’ की विशेष थीम रखी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज की विभूति मनोज -रश्मि जी राठी एवं भरत-पूजा जी तोतला द्वारा भगवान महेश की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नवनियुक्त अध्यक्ष गोविंद-नीलम बेड़िया, सचिव अभिषेक-पायल मालपानी सहित नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने पद एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ लेकर नए सत्र की जिम्मेदारियां संभालीं।
नई कार्यकारिणी ने आगामी सत्र में क्लब की गतिविधियों को अधिक सक्रिय एवं रचनात्मक बनाने, महिला सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करने, सामाजिक सरोकारों से जुड़ने तथा सदस्यों के बीच मित्रता, पारिवारिक आत्मीयता और भाईचारे को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण के पश्चात सांस्कृतिक संध्या में ‘बॉलीवुड गरबा नाइट’ ने चार चांद लगा दिए। क्लब की सदस्याओं ने पारंपरिक गरबा और बॉलीवुड गीतों की धुनों पर आकर्षक डांडिया प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक एवं रंग-बिरंगे परिधानों में सजे सदस्यों के उत्साह और उमंग ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा (बेस्ट ड्रेस) एवं सर्वश्रेष्ठ गरबा स्टेप्स सहित विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने मनोरंजन के साथ-साथ सदस्यों के बीच आपसी मेलजोल और एकता को भी प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन कन्हैया-विभा राठी एवं अन्य संयोजकों ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ।

