इंदौर। नवरात्रि के पावन पर्व पर इंदौर में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जहां माता रानी के जयकारों से गूंजती सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और जगह-जगह होती पुष्पवर्षा के बीच विशाल चुनरी यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस भव्य यात्रा में शामिल हुए और मां बिजासन के चरणों में प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।
बड़ा गणपति मंदिर से शुरू हुई यात्रा, बिजासन माता मंदिर में हुआ समापन
विशाल चुनरी यात्रा की शुरुआत प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर से हुई। यहां से यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए एरोड्रम क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पुरा वातावरण माता रानी के जयकारे गूंजे जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान हर तरफ भक्ति और उत्साह का माहौल नजर आया। श्रद्धालुओं की आस्था और उमंग ने इस आयोजन को खास बना दिया।

मां दुर्गा की कृपा से सभी के जीवन में आए सुख-शांति – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चुनरी यात्रा को संबोधित करते हुए सभी को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने माता रानी के जयकारों के बीच कामना की कि मां दुर्गा का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और हर परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आनंद आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व हमें शक्ति, सकारात्मक ऊर्जा और अच्छे कार्य करने की प्रेरणा देता है। मां दुर्गा की आराधना से हमें जीवन में नई ऊर्जा और साहस मिलता है। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रदेश में खुशहाली बनी रहे और आने वाले दशहरे तथा दीपावली के पर्व सभी के जीवन में नई खुशियां लेकर आएं।
मां के दरबार में सभी समान, कोई भेदभाव नहीं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चुनरी यात्रा के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और आपसी विश्वास मजबूत करने का काम करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों में समाज के अलग-अलग वर्गों, जातियों और पंथों के लोग एक साथ आकर आस्था प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि मां के दरबार में सभी समान हैं। यहां न कोई ऊंचा है, न कोई नीचा। अमीर-गरीब और जाति-पंथ का कोई भेद नहीं होता। मां के प्रति श्रद्धा और विश्वास सभी को एक सूत्र में बांधते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का पर्व केवल पूजा-अर्चना का अवसर नहीं है, बल्कि यह समाज में एकता, सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश भी देता है।
श्रद्धालुओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
विशाल चुनरी यात्रा के दौरान इंदौर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। बड़ी संख्या में महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मां के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। यात्रा के स्वागत में जगह-जगह लोगों की सहभागिता देखने को मिली। माता रानी के जयकारों और धार्मिक उल्लास ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

सुदर्शन ने यात्रा में दिखा दी अपनी शक्ति
चुनरी यात्रा में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने विधानसभा एक में अपना वर्चस्व दिखा दिया। विधानसभा एक में चाहे विधायक कैलाश विजयवर्गीय हो लेकिन पकड़ सुदर्शन ने ही दिखाई है। विधायक के रूप में कैलाश विजयवर्गी चाहे इस क्षेत्र से जीत गए हो लेकिन अब तक कोई बड़ा आयोजन कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में नहीं हुआ है। इस मां की भक्ति में शक्ति दिखाने के चलते सुदर्शन के कार्यक्रम में सीएम ने शिरकत की तो इसके साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल हुए साथ ही जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, महेंद्र हार्डिया, सुमित मिश्रा, श्रवण सिंह चावड़ा, आकाश विजयवर्गीय, गोपी कृष्ण नेमा, सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। इसके साथ ही विधानसभा एक के सभी वार्ड के पार्षदो ने यात्रा को सफल बनाने ने अपनी भारी सक्रियता दिखाई।

