नवरंग गरबा महोत्सव में पहुंचे फ़िल्मी कलाकारों ने भी किया शहर के गरबा प्रेमियों संग डांडिया रास

इन्दौर। कैट रोड स्थित नवरंग गरबा रास महोत्सव में तारक मेहता धारावाहिक के प्रख्यात अभिनेताओं की मौजूदगी एवं समाजसेवी हरि अग्रवाल एवं अशोक गोयल के विशेष आतिथ्य में प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
नवरंग गरबा महोत्सव के इस आयोजन का शुभारंभ अतिथियों ने माँ जगदम्बा की आराधना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर तारक मेहता का उल्टा चश्मा के कलाकार शरद सांखला, रतनजी एवं रूपा ने भी मेहमानों और प्रतिभागियों के साथ मंच और पांडाल में पहुंचकर डांडिया रास गरबा का भरपूर आनंद उठाया और बच्चों और बड़ो के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। खबर पर नजर परिवार के शैलेन्द्र श्रीमाल एवं ख़ुशी श्रीमाल ने बताया कि इस अवसर पर महापौर प्रतिनिधि भरत पारख, अभियान आज तक के राजू, अरविन्द जैन एवं अन्य मीडिया साथी भी शामिल हुए और आयोजकों के प्रयास की सराहना की।
विशेष अतिथि हरि अग्रवाल एवं अशोक गोयल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उपहार एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए। प्रायोजक नानाभाई ज्वेलर्स और लीड्स डेवलपर्स थे। मंच का संचालन ख़ुशी श्रीमाल और अदिति अग्रवाल ने संभाला। आयोजन का सीधा प्रसारण कपिल के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन समिति के शैलेन्द्र श्रीमाल, प्रमोद जैन मामा, सिद्धार्थ जैन ने बताया कि मात्र 20 दिनों की तैयारी के साथ यह गरबा महोत्सव अत्यंत उल्लास और धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ। गरबा स्थल पर खानपान के आकर्षक स्टाल भी लगाए गए थे जिनका मेहमानों के खूब आनंद लिया।

