माहेश्वरी समाज का दीपावली मिलन समारोह संपन्न
युवा सिविल जज भामिनी राठी का सम्मान, मुख्य अतिथियों ने समाज में एकता और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
इंदौर। सामाजिक एकता, प्रतिभाओं का सम्मान और जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ माहेश्वरी समाज इंदौर जिला का दीपावली मिलन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में युवा सिविल जज भामिनी राठी का सम्मान किया गया। उन्होंने समाज के युवाओं को आगे बढ़कर उच्च पदों पर पहुंचने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामेश्वरलाल बिन्नानी एवं अभिजीत झवर ने अपने उद्बोधन में कहा कि माहेश्वरी समाज को आपसी एकता और सहयोग की मिसाल पेश करनी चाहिए। समाज की मजबूती तभी सार्थक होगी, जब हर परिवार को साथ लेकर आगे बढ़ा जाए। उन्होंने निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए स्वावलंबन योजना तैयार करने पर जोर दिया, ताकि जरूरतमंद परिवार आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें और सम्मान के साथ आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
इस अवसर पर सम्मानित सिविल जज भामिनी राठी ने कहा कि माता-पिता की प्रेरणा और समाज के मंच से मिले प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। वे चाहती हैं कि समाज के युवा भी अपनी प्रतिभा और मेहनत से आगे बढ़ें। न्यायिक सेवा में आने के इच्छुक युवाओं को उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वर्तमान में वे मंदसौर में सिविल जज के पद पर कार्यरत हैं।
समाज के जिला अध्यक्ष ईश्वर बाहेती एवं प्रचार मंत्री चेतन बियानी ने बताया कि समारोह का शुभारंभ भगवान महेश के माल्यार्पण एवं महेश वंदना के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन ईश्वर बाहेती ने दिया।
प्रसिद्ध उद्योगपति राम अवतार जाजू ने समाजजनों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। अखिल भारतीय माहेश्वरी समाज के संयुक्त मंत्री भरत तोतला ने महासभा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष रजत बेड़िया एवं अजय शारदा ने बताया कि समारोह में पहुंचे समाजजनों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। सभी पदाधिकारियों ने एक कतार में खड़े होकर समाजजनों का अभिवादन किया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम समन्वयक रजत लड्ढा ने अतिथियों एवम भामिनी राठी का जीवन परिचय प्रस्तुत किया।
अतिथियों का स्वागत एवं स्मृति चिह्न भेंट केदार हेड़ा, रजत लड्ढा, राधेश्याम काबरा, हर्ष राठी, मनीष काबरा, सुधीर तोषनीवाल, सुनील माहेश्वरी एवं बसंत भट्टड़ ने किया।
कार्यक्रम का संचालन संगठन मंत्री नीलेश शारदा ने किया। आभार उपाध्यक्ष केदार हेड़ा ने माना।
इस अवसर पर रामेश्वर लाल असावा, कल्याण मंत्री राजेश मूंगड़, मधुसूदन भलिका, रूपेश भूतड़ा, सुरेश हेड़ा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

