त्योहारों की असली खुशी अपनों के साथ खुशियां बांटने में ही निहित : कैलाश विजयवर्गीय
परदेशीपुरा आस्था वृद्धाश्रम में ‘त्योहार अपनों के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन, बुजुर्गों और दृष्टिहीन केंद्र की बालिकाओं ने अंताक्षरी, भजन व फिल्मी गीतों से बांधा समां
इंदौर। दीपावली महापर्व के पावन अवसर पर समाज के बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाने, उनके एकाकीपन को दूर करने और उन्हें अपनत्व का अहसास कराने के उद्देश्य से परदेशीपुरा स्थित आस्था वृद्धाश्रम में ‘त्योहार अपनों के साथ’ कार्यक्रम का आत्मीय एवं सराहनीय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नगरीय आवास एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित अतिथियों ने बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर दृष्टिहीन केंद्र की बालिकाओं एवं वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने मिलकर अंताक्षरी में उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजनों, धार्मिक गीतों और फिल्मी गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आनंद, उमंग और आत्मीयता से भर दिया।
नगर निगम इंदौर के लोक निर्माण एवं उद्यान विभाग प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी अपनों के साथ मिलकर खुशियां बांटने में ही है। इस आयोजन का उद्देश्य बुजुर्गों को यह अहसास कराना था कि वे अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। उनके जीवन में प्रेम, सम्मान और अपनत्व का उजाला फैलाना ही इस पहल की सार्थकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल बुजुर्गों के जीवन में उमंग और उल्लास का संचार करते हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को भी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और बुजुर्गों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता रखने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरीय आवास एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं विधायक रमेश मेंदोला उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में बुजुर्गों एवं प्रतिभागियों को उपहार भेंट किए गए।
यह आयोजन दीपावली के पर्व पर खुशियां बांटने, रिश्तों में आत्मीयता बढ़ाने और समाज के वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान प्रकट करने की एक प्रेरणादायक मिसाल बना।
त्योहारों की असली खुशी अपनों के साथ खुशियां बांटने में ही निहित : कैलाश विजयवर्गीय
Shares:

