आनंदा कॉलोनी में सफाई अभियान चलाकर दीपावली
की अगवानी में रहवासियों ने लिए दो अनूठे संकल्प
ग्रीष्मकाल के पहले आज से ही पानी की हर बूंद को बचाने और पर्यावरण के संरक्षण की ली शपथ
इंदौर। रिंग रोड, रेडिसन चौराहा के सामने स्थित आनंदा कॉलोनी के रहवासियों ने दीपावली महापर्व की पूर्व बेला में गुरुवार को 3 अनूठे सेवा प्रकल्पों का संकल्प लिया। इसके तहत कॉलोनी में रहने वाले सभी परिवारों ने रहवासी संघ के अध्यक्ष हरि अग्रवाल एवं सचिन अनूप सिंघल के आह्वान पर 20 परिवारों के 100 सदस्यों ने कॉलोनी में सफाई अभियान तो चलाया ही, जल की बूंद-बूंद बचाने और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली।
आनंदा कॉलोनी मात्र 56 भूखंडों वाली छोटी टाउनशिप है जिसमें सभी तरह की आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध है। रिंग रोड स्थित मालवीय पेट्रोल पंप के पीछे इस कॉलोनी में पिछले कई वर्षों से होली, दशहरा , दीपावली और अन्य सभी तरह के त्यौहार सामूहिक मिलन समारोह के रूप में मनाए जाते हैं। वर्तमान में यहाँ जो 20 परिवार निवासरत हैं उनमें 2 चिकित्सक, 3 सॉफ्टवेर कंपनी संचालक, 3 बिल्डर एवं कोलोनाइजर तथा शेष उद्योगपति शामिल हैं। कॉलोनी में 420 पापड़ परिवार की ओर से अनेक सेवा कार्य और आईटी कंपनी इन्फोबिन्स द्वारा अनेक सेवा गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। कॉलोनी के रहवासी पवन अग्रवाल सेवा भारती से जुड़े हैं लिहाजा बुजुर्गों और नवजात शिशुओं के लिए उन्होंने भी कुछ सेवा प्रकल्प चला रखे हैं। डॉ. कमल केशवानी बच्चों का निशुल्क उपचार कर रहे हैं। सॉफ्टवेर कंपनी के संचालक सुनील रावत भी कॉलोनी के प्रतिभावान बच्चों को आईटी के क्षेत्र में उच्च शिक्षा दिलाने में मदद कर रहे हैं। रहवासी संघ के कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल के अनुसार आज सुबह कॉलोनी में रहने वाले 100 सदस्यों ने मिलकर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान पानी बचाने और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली गई। डॉ. आरजी अग्रवाल एवं भोपाल की संस्था “सकारात्मक सोच” की संयोजक श्रीमती सोनाली देशपांडे भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
रहवासी संघ के अनिल मोदी, डॉ. कमल केशवानी, गोविन्द अग्रवाल, बीके झंवर, अमरजीत सिंह छाबड़ा, कैलाश अग्रवाल, विक्रम अग्रवाल, आर भदोरिया एवं हेमा पटेल सहित सभी रहवासियों ने इन सभी अभियानों में भागीदारी दर्ज कराई और स्व प्रेरणा से संकल्प लिया कि ग्रीष्मकाल के संकट की प्रतीक्षा किए बिना सभी रहवासी पानी की हरएक बूंद का सदुपयोग करेंगे और पर्यावरण संरक्षण के लिए कॉलोनी में उपयुक्त स्थान पर सुंदर फूल एवं फलदार पौधे रोपकर उनकी देखभाल भी करेंगे। संघ के अध्यक्ष हरि अग्रवाल ने कहा कि वे रहवासियों के सहयोग से इस कॉलोनी को शहर की आदर्श कॉलोनी के रूप में विकसित करने के लिए हरसंभव सहयोग करेंगे।

