कोई खीर-पूड़ी बनाकर लाया तो कोई हलवा-मिठाई, घर-घर से आए छप्पन भोग परोसे श्रीनाथजी को
अग्रवाल समाज हाईवे क्षेत्र पालदा के आव्हान पर वरुण विक्ट्री परिसर में 2 हजार से अधिक बंधुओं ने की पुंगनूर नस्ल के गाय-बछड़े की पूजा अर्चना
इंदौर। पालदा, न्यू आरटीओ रोड स्थित वरुण विक्ट्री परिसर में सोमवार को सैकड़ों अग्रवाल बंधुओं ने गोवर्धन पूजा में उत्साह के साथ भाग लेकर वहां गोबर से निर्मित गिरिराज पर्वत, भगवान श्रीनाथजी और प्रकृति की आकृतियां बनाकर पुण्य लाभ उठाया। उत्सव में भगवान तिरुपति बालाजी के लिए दूध देने वाली देश की सबसे छोटे कद वाली कपिला-पुंगनूर नस्ल की कृष्णाएवं सुरभि नामक गाय-बछड़े भी पूरे समय श्रद्धा और आकर्षण के केन्द्र बने रहे।
वरूण विक्ट्री परिसर में लगभग 2 हजार समाजबंधुओं ने शामिल होकर गोवर्धन पूजा एवं कपिला गाय के दर्शनों का लाभ लिया। उत्सव एवं संस्था के प्रमुख संरक्षक अरविंद बागड़ी ने बताया कि हाईवे क्षेत्र पालदा से जुड़े 200 से अधिक परिवार तो इस उत्सव में शामिल हुए ही, सैकड़ों अन्य परिवार भी यह अदभुत झांकी निहारने के लिए वरुण विक्ट्री परिसर पहुंचे। समाजसेवी राजू अग्रवाल राधे राधे एवं नंदकिशोर कंदोई के आतिथ्य में यहां गोवर्धन पर्वत की सुसज्जित झांकी और भगवान श्रीनाथ की आदमकद गोबर से निर्मित प्रतिमा तथा उस पर फूलों से किया गया श्रृंगार बाल-ग्वालों की टीम के साथ सतीश गोयल हरसूद के निर्देशन में किया गया। आयोजन से जुड़े मनीष अग्रवाल मन्नू, राजा पुरोहित, कविश गोयल, विक्रम मल्हार, विकास मित्तल विक्की, नारायण ऐरन, अभिषेक मित्तल सहित अनेक सहयोगी बंधु इस उत्सव की तैयारियों में जुटे रहे।
आज सुबह जैसे ही उत्सव की शुरुआत हुई, सैकड़ों समाजबंधु मानो इसी क्षण का इंतजार कर रहे थे। इनमें से अधिकांश लोग अपने-अपने घरों से हलवा, पूड़ी, चावल, खीर-भजिए एवं अन्य मिठाई और व्यंजन तैयार कर लाए थे, जिनका छप्पन भोग लगाया गया। समाजबंधुओं ने पुंगनूर नस्ल के गाय-बछड़े की पूजा कर पुण्य लाभ उठाया।

