आचार्य विद्यासागर ने राष्ट्र और समाज को नई दिशा और नया ज्ञान देकर हम सब पर बहुत बड़ा उपकार किया – राष्ट्रसंत सुधासागर
क्लर्क कॉलोनी में आचार्य विद्यासागर के 54वें आचार्य पद दिवस पर हुए आयोजन-54 दीपों से हुई महाआरती
इंदौर। संसार में कभी कोई व्यक्ति पूर्णता धारण नहीं कर सकता। सबसे महत्वपूर्ण तत्व ज्ञान होता है। ज्ञान सोने की तरह मूल्यवान होता है। ज्ञान प्राप्त करने के लिए उपयुक्त गुरु, विद्वान, आचार्य और मुनि का चयन होना चाहिए। जब कभी जीवन में दान करने की बात आए तो कुपात्र को नहीं देना चाहिए। आचार्य विद्यासागर महाराज ने राष्ट्र और समाज को नई दिशा और नया ज्ञान देकर हम सब पर बहुत बड़ा उपकार किया है।
ये प्रेरक विचार हैं संत शिरोमणि प.पू. विद्यासागर म.सा. के परम प्रभावक शिष्य और राष्ट्रसंत मुनि पुंगव प.पू. श्री सुधासागर महाराज के, जो उन्होंने क्लर्क कॉलोनी स्थित अमृत सुधा सभागार में दोपहर में संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के 54वें आचार्य पद दिवस पर हुई महाआरती एवं मोजी वंदन समारोह में व्यक्त किए। प्रारम्भ में नन्ही-मुन्नी बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर देशभर से आए समाज बंधुओं का मन मोह लिया। तद्पश्चात आचार्यश्री विद्यासागरजी एवं राष्ट्र संत सुधासागर म.सा. के नवीन चित्रों का अनावरण सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, नवीन गोधा, हर्ष जैन, अक्षय कासलीवाल, आकाश जैन कोयला, सौरभ बडजात्या, संजय सामरिया एवं अशोक नगर जैन समाज के मंत्री विजय धुर्रा, अनिल सामरिया, नरेश जैन, सूरज आदि ने किया।
इस अवसर पर विद्यासागर म.सा. के 54 वें आचार्य पद दिवस समारोह पर 54 दीपो से राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा. एवं 18 पिच्छिकाओं के सानिध्य में आरती भी की गई। इसके पूर्व सुबह भगवान की महापूजा एवं जगत कल्याण की कामना से महाशांति धारा का आयोजन भी हुआ जिसका लाभ चक्रवर्ती नवीन गोधा, आनंद गोधा, संजय जैन, रमेशचंद निर्वाण, अक्षय कासलीवाल आदि ने लिया। इस दौरान हर्ष जैन, धर्मेन्द्र सिमकाम, संजय सामरिया, राहुल स्पोर्ट्स सहित अनेक बंधु उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शामिल समाज बंधुओं को आयोजन समिति की ओर से स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। संचालन अनुराग जैन ने किया।

