श्रृंगेरी शंकराचार्यजी पहुंचे श्री श्रीविद्याधाम, बोले- सनातन धर्म और संस्कृति की मजबूती आज की पहली जरूरत
32 वर्ष पूर्व आए तत्कालीन शंकराचार्यजी की यात्रा से जुडी स्मृतियों को भी किया ताजा- माँ त्रिपुर सुन्दरी की पूजा-अर्चना
इंदौर, । विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर रविवार की सुबह वेद मंत्रों और शंखनाद के साथ श्रृंगेरी पीठ के जगदगुरु शंकराचार्य श्री श्रीविधुशेखर भारती सन्निधानम का शुभागमन हुआ। गरिमापूर्ण समारोह में आश्रम के पूज्य श्री शंकराचार्यजी का महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती के सानिध्य में पाद-पूजन किया गया। आश्रम स्थित स्वामी गिरिजानंद सरस्वती वेद वेदांग विद्यापीठ के 250 वेदपाठी बटुकों ने परम्परागत भारतीय परिधान में वैदिक मंगलाचरण के बीच उनकी अगवानी की। अपने करीब सवा घंटे के आश्रम प्रवास के दौरान शंकराचार्यजी ने 32 वर्ष पूर्व अपने पूज्य गुरुदेव तत्कालीन जगदगुरु शंकराचार्यजी भारती तीर्थजी के आश्रम आगमन की स्मृतियों को भी ताजा किया और अपने आशीर्वचन में कहा कि श्रीविद्या देवी की उपासना और साधना सर्वश्रेष्ठ मानी जाती है। यहाँ चल रही गतिविधियों और सेवाकार्यों को देखकर मन को बहुत प्रसन्नता हो रही है कि सनातन संस्कृति की मजबूती श्री श्रीविद्याधाम जैसे धर्मस्थलों से ही परिपूर्ण होगी। आज की पहली जरुरत भी यही है।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा, राजेंद्र महाजन, स्वामी शिवानन्द सरस्वती आदि ने शंकराचार्यजी के आश्रम पहुँचने पर महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती के सानिध्य में उनकी गरिमापूर्ण अगवानी की। वेदपाठी विद्वानों और आश्रम से जुड़े भक्तों ने आश्रम परिसर को आकर्षक रंगोली से श्रृंगारित किया था। उनके विद्याधाम परिसर पहुँचते ही समूचा परिसर सनातन धर्म और संस्कृति एवं शंकराचार्यजी के जयघोष से गूंज उठा। शंकराचार्यजी ने सबसे पहले आश्रम में विराजित माँ भगवती त्रिपुर सुंदरी के दर्शन भी किए और स्वयं उनकी पूजा-अर्चना भी की। आश्रम स्थित अन्य देवालयों में भी उन्होंने दर्शन-पूजन किए और उसके बाद सभामंडप में पहुंचे जहाँ महामंडलेश्वरजी और न्यास मंडल द्वारा ने उनका पाद पूजन किया।
वैदिक मंगलाचरण के पश्चात अपने आशीर्वचन में शंकराचार्यजी ने कहा कि यहाँ आकर आनंद की अनुभूति हो रही है। यहाँ लम्बे समय से परम्परागत पद्धति से श्री श्रीविद्या एवं अन्य देवी-देवताओं की पूजा अर्चना चल रही है। करीब 32 वर्ष पूर्व यहाँ तत्कालीन जगद्गुरु शंकराचार्यजी भी पधारे हैं और उनके यहाँ आगमन की स्मृतियाँ आज भी कायम है। यहाँ की परम्पराओं और व्यवस्थाओं को देखकर मन को प्रसन्नता होती है कि सनातन धर्म और संस्कृति का संवर्धन और संरक्षण श्री श्रीविद्याधाम जैसे धर्मस्थलों से ही परिपूर्ण होगा। धर्मसभा का संचालन पं. दिनेश शर्मा ने किया।इस अवसर पर मप्र ज्योतिष एवं विद्वत परिषद के अध्यक्ष और श्रृंगेरी शंकराचार्य भक्त मंडल के प्रदेशाध्यक्ष आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक सहित शहर के अनेक धार्मिक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित थे। शंकराचार्यजी ने आश्रम एवं मंदिर परिसर तथा अन्य गतिविधियों के बारे में भी पूरी दिलचस्पी के साथ आश्रम के न्यासी मंडल के सदस्यों से जानकारी प्राप्त की।

