महाप्रचंड हनुमान मंदिर पर दो दिनी अन्नकूट एवं चातुर्मास समापन महोत्सव का शुभारंभ
इंदौर,। माली मोहल्ला, एमओजी लाइन्स स्थित श्री महाप्रचंड हनुमान मंदिर पर संत श्री लादूनाथजी महाराज गुरु आश्रम न्यास समिति (ट्रस्ट) के तत्वावधान में मालवा, निमाड़ एवं मेवाड़ के तपोनिष्ठ संत ब्रह्मलीन सदगुरु लादूनाथ महाराज की प्रेरणा से दो दिवसीय 27वां चातुर्मास समापन उत्सव एवं अन्नकूट महोत्सव रविवार को सुबह अखंड रामायण पाठ के साथ महंत रामकिशन महाराज के सानिध्य में प्रारंभ हुआ।
अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ महंत रामकिशन महाराज के सानिध्य में लादूनाथ महाराज, महाप्रचंड हनुमान, भोलेनाथ एवं आश्रम स्थित देवालयों के पूजन के साथ हुआ। भक्त मंडल के दामोदर सुईवाल, रोहित सियोटा, मयूर सुईवाल, विजय अग्रवाल, बंकटलाल पांडिया, बाबूलाल जैन, सत्यनारायण जाट ने भी अखंड रामायणपाठ में भाग लिया। इन्हें सोमवार को होने वाले महोत्सव की विभिन्न समितियों का जिम्मा सौंपा गया है। इसके पूर्व चातुर्मास के दौरान चल रहे महामृत्युंजय पाठ की भी पूर्णाहुति हुई। मुख्य महोत्सव सोमवार 23 नवम्बर को शाम 5 बजे से 56 भोग समर्पण, महाआरती के पश्चात महाप्रसादी वितरण के साथ प्रारंभ होगा।
भक्त मंडल के विजय अग्रवाल, पुजारी योगेश एवं सचिन सुईवाल ने बताया कि सोमवार 23 नवंबर को बैकुंठ चतुर्दशी पर सुबह 9 बजे हवन-पूजन के साथ अखंड रामायण पाठ का समापन तथा शाम 5 बजे से 56 भोग समर्पण एवं महाआरती के बाद महाप्रसादी का क्रम शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर मालवा, निमाड़ एवं मेवाड़ क्षेत्र के संत-महंत एवं श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

