वीरांगना झलकारी देवी कोरी की 196वीं जयंती के अवसर पर
कोरी समाज सामूहिक विवाह समिति ने किया वरिष्ठ समाजसेवी परमालिया को सम्मानित
समाज भवन निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाता भी हुए सम्मानित
इंदौर। कोरी समाज सामूहिक विवाह समिति (रजि.), इंदौर द्वारा 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीर सेनानी एवं कोरी समाज की गौरव वीरांगना अमर शहीद झलकारी देवी कोरी की 196वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ वीरांगना झलकारी देवी कोरी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों तथा समाज भवन निर्माण में महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले दानदाताओं का वीरांगना झलकारी देवी के चित्रयुक्त स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी एवं नेताजी सुभाष मंच के प्रदेश अध्यक्ष तथा वरिष्ठ समाजसेवी मदन परमालिया का समिति अध्यक्ष द्वारा वीरांगना झलकारी देवी का चित्र एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मान किया गया। इसके साथ ही वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार हीरालाल वर्मा, समाजसेवी राहुल निहोरे तथा मनोहर ठाकुर का भी सम्मान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता मदन परमालिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि वीरांगना झलकारी देवी कोरी केवल किसी एक समाज की गौरव नहीं, बल्कि वे संपूर्ण समाज और पूरे भारतवर्ष का गौरव हैं। उनका त्याग, साहस, शौर्य और देशभक्ति सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने अपने अदम्य साहस एवं वीरता से भारतीय इतिहास में स्वर्णिम स्थान बनाया है।
उन्होंने कहा कि वीरांगना झलकारी देवी के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर हमें समाज में शिक्षा, एकता, संगठन और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। उनके आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, सामाजिक विकास और भावी पीढ़ी को महापुरुषों एवं वीरांगनाओं के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का संदेश दिया गया।

