बंजारा, विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जनजाति के 51 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित, करियर काउंसलिंग का आयोजन
इन्दौर। बंजारा जन-विकास सेवा समिति, इन्दौर एवं संस्था ‘विचरती’ के संयुक्त तत्वावधान में धार रोड स्थित कीमती गार्डन में 12वें प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में बंजारा, विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जनजाति समुदाय के 51 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रशंसा पत्र, मेडल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर संत श्री दादू जी महाराज रहे, जबकि अध्यक्षता ख्याति प्राप्त समाजसेवी माला ठाकुर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, चंद्रशेखर आजाद मंडल अध्यक्ष सतीश बैरागी एवं समाजसेवी सुमित कीमती उपस्थित रहे।
करियर मार्गदर्शन पर जोर
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें प्रसिद्ध शिक्षाविद् स्वप्निल कोठारी ने विद्यार्थियों को उनके भविष्य, उच्च शिक्षा और करियर के विभिन्न विकल्पों के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण संस्था ‘विचरती’ के अध्यक्ष श्याम नायक ने दिया। आयोजन को सफल बनाने में संस्था अध्यक्ष प्रकाश मानावत और उनकी टीम का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ समाजसेवी भागीरथ राठौर, एडवोकेट दरबार नायक, भीम सिंह राठौड़, एडवोकेट कैलाश मानावत, मोहन राठौर, सुनील चौधरी (सेवानिवृत्त), पत्रकार रमेशचन्द्र राठौर, मांगीलाल राठौर, लालसिंह पंवार और राजेश मानावत सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सफल संचालन एडवोकेट द्वारका चौरसिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन मुकेश मानावत ने व्यक्त किया।


