NEWS

इंदौर में गैस सिलेंडर को लेकर बड़ी खबर – घबराएं नहीं, गैस की कोई कमी नहीं! हेल्पलाइन नंबर जारी

इंदौर। शहर में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी स्पष्टता दी है। बुधवार को कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें बीपीसीएल, एचपीसीएल, आईओसी, अवंतिका गैस और सभी प्रमुख गैस एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।

अनावश्यक बुकिंग करने की जरूरत नहीं
बैठक के बाद कलेक्टर ने साफ कहा कि इंदौर में घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को किसी भी तरह की घबराहट या अनावश्यक बुकिंग करने की जरूरत नहीं है। जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने बताया कि हाल के दो दिनों में अफवाहों के कारण गैस बुकिंग में अचानक उछाल आया है। सामान्य दिनों की तुलना में करीब 10 गुना ज्यादा बुकिंग दर्ज की गई है, जिससे यह स्पष्ट है कि लोगों में अनावश्यक डर का माहौल बन गया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि 14 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और बुकिंग के लगभग तीन दिन के भीतर ओटीपी के माध्यम से घर पर डिलीवरी दी जा रही है।

कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई हुई है प्रभावित
हालांकि फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई कुछ समय के लिए प्रभावित हुई है। ऐसे में होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को अस्थायी रूप से डीजल भट्टी, इंडक्शन या इंफ्रारेड इलेक्ट्रिक कॉइल जैसे विकल्प अपनाने की सलाह दी गई है। कलेक्टर वर्मा ने गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और किसी भी तरह की कालाबाजारी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी होटल या व्यवसाय को घरेलू सिलेंडर देने की शिकायत मिली, तो संबंधित एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई होगी।

निगरानी के लिए तीन जांच दल गठित
इसके साथ ही प्रशासन ने सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निगरानी के लिए तीन जांच दल गठित किए हैं, जो पूरे शहर में गैस वितरण व्यवस्था पर नजर रखेंगे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अब सिलेंडर डिलीवरी के समय उपभोक्ता से ओटीपी लेना अनिवार्य किया गया है। जहां शहर में पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां होटल और रेस्टोरेंट को तत्काल प्रक्रिया पूरी कर कनेक्शन देने के निर्देश भी दिए गए हैं। अवंतिका गैस कंपनी ने इस दिशा में त्वरित व्यवस्था का आश्वासन दिया है।

समस्या होने पर यहां करें शिकायत
अगर किसी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर नहीं मिलता या परेशानी होती है, तो इन टोल फ्री नंबरों पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं —
भारत गैस: 1800-22-4344
इंडेन गैस: 1800-2333-555
एचपी गैस: 1800-2333-555
जिला प्रशासन ने फिर दोहराया है कि इंदौर में घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य तरीके से ही बुकिंग करें।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *