Popular

NEWS

महिला दिवस पर एमपी ट्रांसको की “सुपर पावर वुमन” नीलम खन्ना सम्मानित, मालवा की बिजली व्यवस्था को दी नई ताकत

इंदौर(विनोद गोयल)।  अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के मुख्यालय में आयोजित विशेष समारोह में इंदौर की ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस की वरिष्ठतम महिला अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रीमती नीलम खन्ना को उनके उत्कृष्ट योगदान और समर्पित सेवाओं के लिए विशेष सम्मान से नवाजा गया। एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

बिजली व्यवस्था को किया अधिक मजबूत
बिजली ट्रांसमिशन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाली नीलम खन्ना को आज “सुपर पावर वुमन” के रूप में जाना जाता है। वे पिछले कई वर्षों से इंदौर सहित पूरे मालवा क्षेत्र की ट्रांसमिशन लाइन व्यवस्था का सफल संचालन कर रही हैं। उनके नेतृत्व में कई ऐसे कार्य हुए, जिन्होंने बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया।
त्योहारों के दौरान जब शहर उत्सव में डूबा रहता है, तब नीलम खन्ना की टीम बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रातभर ट्रांसमिशन लाइनों का मेंटेनेंस करती रही। उनके इस नवाचार से इंदौर शहर में त्योहारों के समय भी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकी।

चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में ओपीजीडब्ल्यू (OPGW) की स्थापना
इतना ही नहीं, सिंगाजी पावर हाउस से आने वाली 400 केवी लाइन के कठिन और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में ओपीजीडब्ल्यू (OPGW) की स्थापना जैसा महत्वपूर्ण कार्य भी उनके नेतृत्व में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस पहल से ट्रांसमिशन कंपनी को अपनी ओपीजीडब्ल्यू लाइन विभिन्न दूरसंचार कंपनियों को लीज पर देने का अवसर मिला, साथ ही पावर हाउस और सबस्टेशनों के बीच कम्युनिकेशन कनेक्टिविटी मजबूत होने से प्रोटेक्शन सिस्टम भी अत्याधुनिक हुआ।

इंदौर से शुरू हुआ “रोको-टोको” अभियान, बना प्रदेशव्यापी
ट्रांसमिशन लाइनों के प्रतिबंधित क्षेत्र में होने वाले खतरनाक और अवैध निर्माण को रोकने के लिए नीलम खन्ना ने इंदौर से “रोको-टोको” अभियान की शुरुआत की। उनकी इस पहल को बाद में एमपी ट्रांसको ने प्रदेश स्तर पर अपनाया, जिसके माध्यम से नागरिकों में जागरूकता बढ़ी और पूरे मध्यप्रदेश में सकारात्मक परिणाम देखने को मिले।

मातृशक्तियों को नमन करने का अवसर
इस अवसर पर प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने कहा कि महिला दिवस केवल एक अधिकारी के सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि एमपी ट्रांसको की उन सभी मातृशक्तियों को नमन करने का दिन है, जिनके योगदान से कंपनी की कार्यसंस्कृति और उपलब्धियों को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने कहा कि ट्रांसमिशन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में महिला इंजीनियरों की बढ़ती भागीदारी एमपी ट्रांसको के लिए गर्व की बात है।

महिला दिवस पर नीलम खन्ना को मिला यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह उन सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा है जो कठिन क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व से नई मिसाल कायम कर रही हैं

Shares:

Popular

Popular

Leave a Reply