NEWS

पुरी जगन्नाथ मंदिर में दोल पूर्णिमा पर अफरा-तफरी, कई श्रद्धालु घायल; हालात काबू में

भुवनेश्वर।  ओडिशा में  दोल पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को पुरी जगन्नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अत्यधिक दबाव के चलते मंदिर परिसर में दोल बेदी क्षेत्र के पास अचानक भगदड़ जैसे हालात बन गए, जिससे कई श्रद्धालु घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर बाद श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी। संकरी जगह पर एक साथ आगे बढ़ने की कोशिश में धक्का-मुक्की शुरू हुई और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी
भीड़ के दबाव में कुछ लोग गिर पड़े, जिससे परिसर में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षाकर्मी और मंदिर प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त बल तैनात कर भीड़ को नियंत्रित किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित कर दी गई है।

भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल
हर वर्ष दोल पूर्णिमा पर विशेष अनुष्ठानों और दर्शन के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार अनुमान से अधिक भीड़ जुटने से व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। घटना के बाद भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों ने त्योहारों के दौरान अतिरिक्त इंतजाम और बैरिकेडिंग की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से संयम बरतने की अपील की है।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *