*इंदौर में अनूठी शादी बनी चर्चा का विषय: 264 पौधों का आशीर्वाद, सोशल मीडिया पर छाए पार्थ–अनवी के पर्यावरणीय सात फेरे*
*इंदौर*। शहर में आयोजित एक विवाह समारोह इन दिनों आमजन से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी अक्षय जैन के पुत्र पार्थ जैन और पुत्रवधू अनवी जैन का विवाह केवल दो परिवारों का मिलन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैन संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक संदेश बन गया।

समारोह में सबसे अनोखी बात यह रही कि परिवार ने मेहमानों से स्पष्ट आग्रह किया था कि वे किसी प्रकार का उपहार न लाएं। इसके स्थान पर अतिथि नवदंपती के लिए 264 पौधे लेकर पहुंचे। विवाह स्थल पर ही 40 पौधों का रोपण जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और विशिष्ट अतिथियों के हाथों कराया गया, जबकि शेष पौधों का रोपण परिवार एवं अतिथियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा।
विवाह का सबसे भावुक और आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला जब पारंपरिक रिंग एक्सचेंज की रस्म पौधों के आदान-प्रदान के साथ संपन्न हुई। वर-वधू ने अंगूठियों के साथ एक-दूसरे को पौधे भेंट कर यह संदेश दिया कि उनका वैवाहिक जीवन प्रकृति के संरक्षण के संकल्प से जुड़ा रहेगा। मंच से जैन धर्म के सात वैवाहिक संकल्पों के साथ पर्यावरण संरक्षण का विशेष संकल्प भी दिलाया गया।
समारोह में उपस्थित सैकड़ों अतिथियों ने नवयुगल को आशीर्वाद देने के साथ स्वयं भी कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कई अतिथियों ने कहा कि उन्होंने पहली बार ऐसा विवाह देखा, जहां उपहारों की जगह हरियाली को महत्व दिया गया।
इस अनूठे आयोजन की चर्चा विवाह स्थल से निकलकर पूरे शहर में फैल गई। समारोह में मौजूद लोगों ने बड़ी संख्या में वीडियो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। देखते ही देखते विवाह के दृश्य विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने लगे। स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भी इसे “इंदौर की सबसे प्रेरणादायी शादी” बताते हुए इसकी खूब सराहना की। हजारों लोगों ने इन वीडियो पर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दीं और ऐसी पहल को समाज के लिए नई दिशा बताया।
समारोह में सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, पुलिस अधिकारी राजेश त्रिपाठी, समाजसेवी प्रकाश भटेवरा, मनीष सुराणा, राजेश जैन युवा,श्री नाकोड़ा जैन कांफ्रेंस के प्रकाश सुराणा , बृजेश श्रीश्रीमाल, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार कल्याण परिषद के सुधीर सेठिया, महाराष्ट्र भाजपा नेता मोहन लाल जैन, स्टेट प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल, प्रेस क्लब इंदौर के पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी उच्च न्यायालय अधिवक्ता राजेश जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, समाजसेवी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया।
बिना बैंड-बाजे, बिना अनावश्यक तामझाम और बिना फिजूलखर्ची के संपन्न यह विवाह इस बात का जीवंत उदाहरण बन गया कि यदि इच्छाशक्ति हो तो विवाह समारोह केवल वैभव प्रदर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का प्रभावी संदेश भी बन सकता है। पार्थ और अनवी का यह परिणय समारोह अब इंदौर में एक प्रेरणादायी मिसाल के रूप में याद किया जा रहा है।


