कांटाफोड़ शिव मंदिर पर रजत मंडित गर्भ गृह में विराजित श्रीनाथजी के दर्शनार्थ उमड़े श्रद्धालु
रविवार को सुबह भगवान मनकामेश्वर महादेव निकलेंगे अपने भक्तों को दर्शन देने
इंदौर,। नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर पर श्रावण मास के तृतीय सोमवार पर संध्या को बाबा भोलेनाथ का भगवान श्रीनाथजी के रूप में मनोहारी श्रृंगार किया गया। मंदिर के रजत मंडित गर्भ गृह में पांच क्विंटल फूलों से किया गया दिव्य और मनोहारी श्रृंगार देखने के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, संयोजक बी.के. गोयल ने बताया कि समाजसेवी पवन सिंघानिया मोयरा, अनूप अग्रवाल हाईवे के आतिथ्य में शाम को आरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और समूचे अंचल में सुखद वर्षा के लिए प्रार्थना की। श्री हरी भजन मंडल के सदस्यों ने रात्रि में भजन संध्या के माध्यम से भगवान भोलेनाथ की आराधना का ऐसा समां बाँधा कि हर कोई नाच उठा।
23 अगस्त को भगवान निकलेंगे नगर भ्रमण पर – मंदिर ट्रस्ट द्वारा रविवार 23 अगस्त को सुबह ९.३० बजे मंदिर परिसर से भगवान मनकामेश्वर महादेव की नगर भ्रमण यात्रा निकाली जाएगी जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। यह यात्रा विधायक गोलू शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में मंदिर से प्रारम्भ होकर परम्परागत मार्गों से अग्रसेन प्रतिमा, अग्रवाल नगर, जानकी नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से होकर पुनः मंदिर पहुंचेगी। यात्रा का मार्ग में घर-घर से भव्य स्वागत करने की तैयारियां की जा रही हैं। भजन गायक हरिकिशन साबू (भोंपूजी) अपने भजनों की गंगा प्रवाहित करते हुए चलेंगे। यात्रा में अनेक आकर्षण भी रहेंगे। शिवजी की बारात भी साथ चलेगी। सोमवार 24 अगस्त को शाम 6.30 बजे से मंदिर पर भगवान जगन्नाथजी, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रूप में मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा।


