खाटू श्याम भक्तों ने पांच महामंडलेश्वरों के सानिध्य में नाचते-गाते
निकाली कलश यात्रा, 29वें वार्षिकोत्सव का हुआ शुभारंभ
सुबह गौ माता का पूजन कर खाटू श्याम महायज्ञ का श्रीगणेश, शुरू हुई खाटू श्याम भागवत कथा
इन्दौर। एयरपोर्ट रोड, अंबिकापुरी स्थित श्री खाटू श्याम धाम के 29वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ शनिवार सुबह महामंडलेश्वर गोपाल दास महाराज, महामंडलेश्वर राघवेंद्र दास महाराज, महामंडलेश्वर हनुमान दास महाराज, महामंडलेश्वर नलिनी दास महाराज एवं महामंडलेश्वर पंकज दास महाराज के सानिध्य में स्मृति नगर स्थित शिव मंदिर से अंबिकापुरी स्थित खाटू श्याम धाम मंदिर तक निकली भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। सुबह कलश यात्रा के पश्चात गौ माता के पूजन के साथ खाटू श्याम महायज्ञ का भी शुभारंभ हुआ। बैंड-बाजों, श्याम बाबा के रथ, पताकाओं एवं भजन-गरबा मंडलियों की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच निकली इस कलश यात्रा ने समूचे एयरपोर्ट क्षेत्र को श्याम बाबा की भक्ति के रंग में रंग डाला।
महंत नीलू बाबा ने बताया कि मंदिर के 29वें स्थापना दिवस पर इस बार भी सात दिवसीय महोत्सव हो रहा है, जिसका शुभारंभ शनिवार को सुबह कलश यात्रा एवं खाटू श्याम महायज्ञ के साथ हुआ। महायज्ञ में शामिल होने वाले यजमानों को आचार्य विद्वानों ने हेमाद्रि संकल्प एवं पंचांग कर्म के बाद मंडप प्रवेश कराया। विद्वान आचार्यों के निर्देशन में मंडल पूजन एवं अग्नि स्थापना के साथ खाटू श्याम बाबा के जयघोष के बीच महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। महायज्ञ प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 तक होगा। शनिवार को ही दोपहर में दिल्ली वाले स्वामी संजय प्रभाकर के श्रीमुख से खाटू श्याम भागवत कथा का श्रीगणेश भी हुआ। व्यास पीठ का पूजन खाटू श्याम सेवा समिति के राज किशोर शर्मा, अशोक शर्मा, धीरेन्द्र जायसवाल, मनीष जैन, नितेश गोयल, जितेन्द्र चौहान, सोनू मिश्रा ने सपत्नीक किया। विद्वान वक्ता की अगवानी मातृशक्ति की ओर से करुणा शर्मा, प्रिया सांखला, चंदा शर्मा, करिश्मा शर्मा एवं संगीता प्रजापत ने की। मंदिर पर प्रतिदिन सुबह 8 से 11 बजे तक खाटू श्याम महायज्ञ एवं दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक खाटू श्याम भागवत का आयोजन चलेगा। भागवत कथा 24 जून तक जारी रहेगी।
महंत नीलू बाबा के अनुसार 25 जून को निर्जला एकादशी के उपलक्ष्य में सुबह 8 से 10 बजे तक महायज्ञ में विश्व शांति एवं जन कल्याण की कामना से 108 श्रीफलों की विशेष आहुतियाँ समर्पित की जाएगी। दोपहर 2 बजे से महिला मंडल द्वारा भजन, शाम 5 बजे से श्याम बाबा का फूलों से विशेष श्रृंगार दर्शन और 56 भोग तथा शाम 7.30 बजे से फूल-बंगले के दर्शन के बाद महाआरती होगी और बाबा की पवित्र ज्योत के दर्शन भी होंगे। महायज्ञ की पूर्णाहुति 26 जून को सुबह 10 बजे होगी और दोपहर 3 बजे खाटू श्याम महिला मंडल द्वारा भजन संकीर्तन के बाद शाम 7.30 बजे से महाआरती, भजन संध्या एवं चलित भंडारे के आयोजन होंगे। भागवत कथा का समापन 24 जून को होगा।


