माहेश्वरी कुटुम्ब के तीन दिवसीय गरबा रास महोत्सव में ब्रज और बरसाना की रासलीला में 800 मातृशक्ति हुई शामिल, जीवंत हो उठी ब्रज भूमि
मध्यरात्रि तक गुजरात से आए प्रशिक्षकों और संगीतकारों ने समूचे मैदान को थिरकाए रखा-सूत्रधार अजमेरा दम्पत्ति का अभिनन्दन
इंदौर। संस्था माहेश्वरी कुटुम्ब की मेजबानी में स्कीम 71, रिंग रोड स्थित ब्लू लोटस गार्डन पर चल रहे तीन दिवसीय गरबा रास महोत्सव का शानदार समापन मध्य रात्रि को हुआ। आठ सौ से अधिक मातृशक्ति ने श्रीकृष्ण रास गरबा की मनोहारी प्रस्तुतियां देकर मानो समूचे ब्रज क्षेत्र को गरबा स्थल पर जीवंत बना दिया। अहमदाबाद (गुजरात) के 10 प्रशिक्षकों और संगीतकारों के सुर-ताल के बीच जैसे ही माता रानी के जयघोष के साथ शुभारंभ हुआ, एक के बाद एक होने वाली रास गरबा की प्रस्तुतियों ने कोई पांच घंटे तक समय को थामे रखा।
शहर के अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन कर माहेश्वरी कुटुम्ब के सूत्रधार शारदा प्रकाश अजमेरा दम्पत्ति का सनातन संस्कृति की मजबूती के लिए किए जा रहे इस प्रयास के लिए सम्मान किया। तीसरी रात श्रीकृष्ण रास गरबा के नाम रही जिसमें गुजरात से आए प्रशिक्षकों एवं संगीतकारों के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने वृन्दावन, ब्रज, बरसाना और नंद गांव के गरबों की यादें ताजा कर डाली। कृष्ण और गोपियों के रूप में मातृशक्ति ने अलौकिक श्रृंगार कर एक ताल, दो ताल, तीन ताल और परम्परागत संगीत की धुनों पर थिरकते हुए पूरे पांच घंटों तक समय को बांधे रखा। रात 9 बजे से शुरू हुए गरबे की यह रात मध्यरात्रि तक समय को थामे रही और दो हजार से अधिक दर्शक मंत्रमुग्ध होकर जमे रहे। इस दौरान पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, एमआईसी सदस्य पार्षद अभिषेक बबलू शर्मा, पार्षद शिखा संदीप दुबे, डॉ. आयुषी देशमुख (भय्यू महाराज आश्रम), पुलिस उपायुक्त पवन सिंघल, कांग्रेस नेता रघु परमार सहित अनेक अतिथियों ने गरबा स्थल पहुंचकर मातृशक्ति का अभिनन्दन किया।
संस्था माहेश्वरी कुटुम्ब के संयोजक शारदा-प्रकाश अजमेरा ने बताया कि तीन दिवसीय इस महोत्सव में पहले दिन माँ अन्नपूर्णा को 51 मीटर लम्बी चुनरी समर्पित कर शोभा यात्रा के रूप में अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचकर शुभारंभ किया। इसके पश्चात बॉलीवुड, मारवाड़ी और गुजराती थीम पर अपनी प्रस्तुतियां देकर सनातन संस्कृति के अनुरूप मैदान में जमा हजारों दर्शकों का मन मोह लिया। दूसरे दिन राजपूताना और मारवाड़ी थीम की प्रस्तुतियों ने भी आधी रात तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध बनाए रखा।
आयोजन समिति की ओर से श्रीमती शारदा अजमेरा, नीलू मालपानी, माधुरी सोमानी, सुमन सोनी, राखी अजमेरा, वर्षा परवाल ने सभी व्यवस्थाएं संभाले रखी। अतिथियों की अगवानी प्रकाश अजमेरा, पुष्प माहेश्वरी, अशोक इनानी, मनोज छापरवाल, रुपेश भूतड़ा, श्रीमोहन सोमानी, गोपाल राठी एवं कैलाश जाजू ने की। तीन दिवसीय इस गरबा रास महोत्सव की समापन बेला में सूत्रधार शारदा प्रकाश अजमेरा का प्रतिभागियों और मेहमानों ने भावपूर्ण अभिनन्दन किया। मातारानी से राष्ट्र और समाज में सुख, शांति एवं सद्भाव की प्रार्थना के साथ महोत्सव का समापन हुआ ।

