Popular

Uncategorized

इंडिया गेट और अमर जवान ज्योति पर देश के अनाम शहीदों को पुष्पांजलि समर्पित करने का सिलसिला जारी

इंदौर। संस्था सेवा सुरभि, जिला प्रशासन, इंदौर पुलिस, नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण की सहभागिता में चलाए जा रहे ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ अभियान के तहत प्रतिदिन रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट एवं अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति पर सुबह शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों एवं समाज के अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा अनाम शहीदों को पुष्पांजलि, गीतांजलि और आदरांजलि समर्पित करने का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी सुबह 8 से 10 बजे के बीच रीगल चौराहे पर देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के कारण ऐसा समां बन गया कि हर कोई उनके साथ शामिल होता चला गया। संध्या को भी यहाँ आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई है जिसके कारण छोटे-छोटे समूहों में आकर अनेक संगठनों के लोग अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं।

ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय ने जी पुष्पाजंलि
संस्था सेवा सुरभि के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा, अरविन्द जायसवाल एवं कमल कलवानी ने बताया कि “झंडा ऊँचा रहे हमारा अभियान” अब पूरे शबाब पर पहुँच गया है। बुधवार को प्रजापिता ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रमुख हेमलता दीदी एवं उनके साथ आई बहनों ने भी इंडिया गेट एवं अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति पर पुष्पांजलि समर्पित कर देश के अनाम शहीदों को याद किया। इसी तरह शहर के प्रमुख चिकिस्तकों के दल ने भी डॉ. विनिता कोठारी, डॉ. शैलेश लोढ़ा एवं डॉ. शरद डोसी सहित अपनी टीम के साथ इंडिया गेट पहुंचकर अपनी भावपूर्ण पुष्पांजलि समर्पित की। विभिन्न विद्यालयों के बच्चे भी प्रतिदिन यहाँ आकर अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं। डेल्ही इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपने संगीत शिक्षक के साथ इंडिया गेट पहुंचकर देशभक्ति से प्रेरित तरानों की प्रस्तुतियां देकर राह चलते लोगों को भी ठिठकने पर बाध्य कर दिया। इन बच्चों ने भारत माता की जय और वन्दे मातरम के उद्घोष से चौराहे को गुंजायमान बनाए रखा। स्कूली बच्चों द्वारा प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक, जब चौराहे पर यातायात का दबाव बहुत कम होता है, तब पहुंचकर देश के अनाम शहीदों को याद करने का सिलसिला गत 15 जनवरी से ही चल रहा है, जो 26 जनवरी तक जारी रहेगा।

“मेरा रंग दे बसंती चोला” का आयोजन
शुकवार की शाम को संगीत संध्या, शनिवार को यातायात पर परिचर्चा – अभियान के तहत शुकवार 23 जनवरी को संस्था स्टार फैन्स क्लब द्वारा इंडिया गेट पर शाम 6.30 बजे से संगीत का रंगारंग कार्यक्रम “मेरा रंग दे बसंती चोला” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक हेमंत अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर प्रसिद्ध गायक यशवर्धन दुबे, मनीष शुक्ला, जितेन्द्र ठाकुर एवं अंकित कंसल द्वारा देशभक्ति से प्रेरित गीत संगीत की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। अभियान के तहत शनिवार 24 जनवरी को प्रेस क्लब में शहर की यातायात व्यवस्था–परिदृश्य और समाधान विषय पर प्रेस क्लब के सभागृह में इंदौर प्रेस क्लब की सहभागिता में शाम 4 बजे बेंगलुरु से आए यातायात विशेषज्ञ आशीष वर्मा की उपस्थिति में परिचर्चा होगी। रविवार 25 जनवरी को शाम 6 बजे दुआ सभागृह में देवास जिले के शहीद सैनिक संजय मीणा के परिजनों का सम्मान और शाम 7.30 बजे से रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट पर शहर के नागरिकों की ओर से अनाम शहीदों के नाम श्रद्धा की एक-एक मोमबत्ती प्रज्वलित की जाएगी।

Shares:

Popular

Popular

Leave a Reply