कल्पवास एक ऐसा समय होता है जब गृहस्थ व्यक्ति किसी पवित्र स्थान जैसे कुंभ मेला माघ मेला या त्रिवेणी संगम पर एक महीने तक रहकर, कठोर नियमों का पालन करता है। जैसे एक बार भोजन, भूमि शयन, ब्रह्मचर्य, जप-तप का पालन करते हुए आध्यात्मिक साधना करना। यह समय गृहस्थों को सन्यासी जीवन जीना सिखाता है। इसके माध्यम से आम गृहस्थ व्यक्ति भी शरीर और आत्मा का कायाकल्प करता है। जिससे मोक्ष की प्राप्ति होती है; यह एक महीने की तपस्या ब्रह्मा जी के एक दिन की तपस्या के बराबर मानी जाती है।
संगम पर करते है कठोर नियमों का पालन
प्रयागराज में हर वर्ष माघ मेला के दौरान श्रद्धालु कल्पवास करते हैं, जिसमें वे संगम तट पर एक महीने तक कठोर नियमों का पालन करते हुए साधना करते हैं। यह पौष पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक चलता है। कल्पवास का पालन करने से जन्मों के पापों से मुक्ति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।
माघ मेला 2026
प्रयागराज की पावन धरती पर आज से माघ मेला शुरू हो रहा है। संगम तट पर कड़ाके की ठंड के बीच हजारों श्रद्धालु छोटे-छोटे तंबुओं में रहकर कठिन नियमों का पालन करते हुए नजर आते है। यह उनकी अपनी साधना होती है जिस समय वह स्वयं को सन्यासी मानते है।
कल्पवास का महत्व
‘कल्पवास’ पौष पूर्णिमा से शुरू होकर माघ पूर्णिमा तक चलता है। इस साधना का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर लोग अपना घर-बार छोड़कर एक महीने के लिए यहां क्यों आते हैं? तो आइए जानते हैं कल्पवास के पीछे का धार्मिक महत्व-
कल्पवास शब्द दो शब्दों से मिलकर बना है। ‘कल्प’ जिसका मतलब है समय का एक चक्र और ‘वास’ का मतलब है निवास स्नान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, संगम के तट पर एक महीने तक निवास करने से व्यक्ति का मानसिक और आध्यात्मिक कायाकल्प होता है। पुराणों में कहा गया है कि कल्पवास करने से साधक को पिछले जन्मों के पापों से मुक्ति मिलती है और वह मोक्ष की ओर आगे बढ़ता है।

संगम पर निवास करते है देवता
ऐसा माना जाता है कि माघ महीने में सभी देवी-देवता संगम तट पर निवास करते हैं। ऐसे में यहां रहकर पूजा-अर्चना करने से अक्षय फलों की प्राप्ति होती है। कल्पवास केवल नदी किनारे रहना नहीं है, बल्कि यह मन, शरीर और आत्मा की शुद्धि की प्रक्रिया है। कहा जाता है कि इस दौरान गंगा स्नान और सात्विक जीवन जीने से शरीर और मन दोनों पवित्र होते हैं। ऐसी मान्यता है कि जो व्यक्ति विधि-विधान से कल्पवास पूर्ण करते हैं, उन्हें जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति मिल जाती है।
इन नियमों का करते है पालन कल्पवासी
माघ मेले में कल्पवासी पूरे दिन में केवल एक बार फलाहार या सात्विक भोजन करते हैं।
इनके लिए दिन में तीन बार गंगा स्नान और पूजा-पाठ करना जरूर होता है। कल्पवासी पलंग या बिस्तर का त्याग कर जमीन पर पुआल या साधारण चटाई बिछाकर सोते हैं। इस दौरान झूठ बोलना, क्रोध करना, निंदा करना और सुख-सुविधाओं की वस्तुओं का त्याग करना होता है। कल्पवास के पहले दिन तुलसी और शालिग्राम की स्थापना और पूजन किया जाता है। साथ ही कल्पवास करने वाला अपने रहने के स्थान के पास जौ के बीज रोपता है। जब ये अवधि पूर्ण हो जाती है तो वे इस पौधे को अपने साथ ले जाते हैं जबकि तुलसी को गंगा में प्रवाहित कर दिया जाता है। पुराणों में बताया गया है कि देवता भी मनुष्य का दुर्लभ जन्म लेकर प्रयाग में कल्पवास करते है।
इंद्रियों को वश में करना
महाभारत के एक प्रसंग में बताया गया है कि मार्कंडेय ने धर्मराज युधिष्ठिर से कहा कि प्रयाग तीर्थ सब पापों को नाश करने वाला है, जो कोर्इ एक महीना, इंद्रियों को वश में करके यहां पर स्नान, ध्यान और कल्पवास करता है, उसके लिए स्वर्ग में स्थान सुरक्षित हो जाता है।


