इस्कॉन मंदिर की जगन्नाथ रथयात्रा 19 जुलाई को अन्नपूर्णा मंदिर से निकलेगी, 50 से अधिक मंचों से होगा भव्य स्वागत-वृंदावन से आयेंगे फूल एवं पोषाक
अनेक धार्मिक सामाजिक संगठनों एवं वैश्य समाजों की ओर से तैयारियां शुरू, स्वर्ण झाडुओं से होगी सफाई, विदेशी संत भी आएंगे
इंदौर। इस्कॉन मंदिर इंदौर की जगन्नाथ रथयात्रा का रविवार 19 जुलाई को शहर के विभिन्न समाजों, संगठनों एवं संस्थाओं की ओर से 50 से अधिक मंचों से स्वागत किया जाएगा। अन्नपूर्णा मंदिर से राजबाड़ा स्थित गोपाल मंदिर तक निकलने वाली इस परम्परागत रथ यात्रा में इस बार अनेक आकर्षण होंगे। अनेक स्थानों पर तोरण द्वार, स्वागत मंच, फल एवं स्वल्पाहार वितरण के साथ ही रथ यात्रा के सम्पूर्ण मार्ग में प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रहेगी। वृंदावन से भगवान जगन्नाथ की विशेष पोषाक आएगी, वहां के फूलों से भगवान के रथ को सजाया जाएगा। यात्रा में इस्कॉन से जुड़े अनेक देशों के संत एवं भक्त भी अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे। यात्रा के पूर्व स्वर्ण झाडुओं से यात्रा मार्ग की सफाई भी होगी।
अन्नपूर्णा मंदिर के सभागृह में जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियों के लिए आयोजित शहर के धार्मिक, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न समाजों के पदाधिकारियों की महती बैठक में उक्त निर्णय लिए गए। रथ यात्रा समिति के संयोजक हरि अग्रवाल, किशोर गोयल एवं अशोक गोयल तथा सहसंयोजक भावेश दवे ने बताया कि बैठक में अग्रवाल समाज, माहेश्वरी समाज, खंडेलवाल समाज, चित्तौड़ा महाजन समाज, जैन समाज सहित विभिन्न वैश्य समाजों की ओर से 50 से अधिक मंचों से स्वागत एवं पुष्प वर्षा करने का निर्णय लिया गया। प्रारम्भ में इस्कॉन मंदिर इंदौर के अध्यक्ष स्वामी महामनदास प्रभु ने रथ यात्रा की महत्ता और जानकारी बताते हुए कहा कि जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर इंदौर में भी यह रथ यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा रविवार 19 जुलाई को दोपहर 2 बजे अन्नपूर्णा मंदिर से प्रारम्भ होकर नरेन्द्र तिवारी मार्ग से रणजीत हनुमान मंदिर, महूनाका, छत्रीपुरा, बियाबानी, मालगंज चौराहा से मल्हारगंज, टोरी कार्नर, गोराकुंड, खजूरी बाजार, राजबाड़ा होते हुए गोपाल मंदिर पहुंचेगी।
इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष स्वामी महामनदास प्रभु की अध्यक्षता एवं अन्नपूर्णा आश्रम के संचालक स्वामी जयेन्द्रानंद गिरि महाराज के मुख्य आतिथ्य एवं मन्दिर के ट्रस्टी श्याम सिंघल के विशेष आतिथ्य में आयोजित इस बैठक में श्रद्धा सुमन सेवा समिति, अन्नपूर्णा क्षेत्र अग्रवाल महासंघ, शिव शक्ति मंडल, चमेलीदेवी योग केंद्र, फतेहपुरिया समाज, यादव समाज, जायसवाल समाज, अहिल्या ओजस्वी संस्था, संस्था संघ मित्र, सांवरिया ग्रुप, अखंड परम धाम आश्रम, मूकबधिर संगठन स्कीम 71, रणजीत हनुमान भक्त मंडल, साईं बसेरा मंदिर, लश्करी मंदिर, जय अग्रसेन ग्रुप सहित अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं मातृशक्तियों ने भाग लिया। अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष राजेश बंसल, इस्कॉन मंदिर के विशाल प्रभु, महाकाल प्रभु एवं प्रवीण मुरारका, व्यवस्था समिति के श्रीनिकेतन दास, अद्विधरण दास, गिरधरगोपाल प्रभु ने भी इस रथ यात्रा को देवी अहिल्या की इस नगरी के लिए गौरव एवं हर्ष का विषय बताते हुए हरसंभव एतिहासिक, सार्थक एवं सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में साईं भक्त पं. महेश शर्मा, धीरज गर्ग, विजय गोयनका, राजेंद्र मित्तल, देवेन्द्र बंसल, कैलाश राखोड़ीवाला, हरिनारायण विजयवर्गीय, महेंद्र विजयवर्गीय, ओमप्रकाश नरेडा, मोनिका शर्मा, अनंत सोनवने, किशोर दोरकर, नितेश बंसल, नीरज गोयल, दिनेश जिंदल, दिनेश गोयल सहित सैकड़ों भक्तों ने रथ यात्रा मार्ग में सेवा और यात्रा का स्वागत करने का संकल्प व्यक्त किया। संचालन हरि अग्रवाल ने किया और आभार माना गौरव अग्रवाल ने।


