social organization

कृष्ण लीला से जुड़ी भक्ति रस की प्रस्तुतियां लाभ मंडपम में आर्या अम्बेकर के कंठ से गूंजी

इंदौर (विनोद गोयल)  ऑल इंडिया मूवमेंट फॉर सेवा के तत्वावधान में रेसकोर्स रोड स्थित अभय प्रशाल के लाभ मंडपम में रविवार की शाम भक्ति संगीत और भगवान कृष्ण की लीलाओं पर आधारित संगीतमय कार्यक्रम “कृष्णम वन्दे” के नाम रही, जिसमें कोई ढाई घंटे तक शहर के सुधी श्रोताओं ने देश की प्रख्यात गायिका एवं अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से अलंकृत सुश्री आर्या अम्बेकर की मधुर वाणी का पूरे परिवार सहित आकर आनंद लिया। हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल वीएस कोकजे के मुख्य आतिथ्य एवं वृंदावन के महामंडलेश्वर स्वामी प्रणवानंद सरस्वती, सद्गुरु अण्णा महाराज के सानिध्य में संगीत, भजनों और भक्ति से प्रेरित पर्यावरण में यह आयोजन हुआ।

आदिवासी छात्रावासों के बच्चे हुए शामिल
आयोजन में बड़ी संख्या में एम फॉर सेवा द्वारा संचालित आदिवासी छात्रावासों के बालक-बालिकाओं ने भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई। यह आयोजन इन्हीं बच्चों की शिक्षा के सहायतार्थ हुआ। प्रारंभ में ऑल इंडिया मूवमेंट फॉर सेवा (एम फॉर सेवा) के प्रदेश प्रमुख स्वामी ऐश्वर्यानंद सरस्वती, स्वामी कृष्णानंद ने एम फॉर सेवा द्वारा संचालित आदिवासी बच्चों की शिक्षा-दीक्षा और छात्रावासों के बारे में जानकारी दी।

छात्रावास के बच्चों के लिए लाइव कन्सर्ट
वर्तमान में एम फॉर सेवा द्वारा देश के 17 राज्यों में 91 छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं जिनमें 67 बालक छात्रावास एवं 24 बालिका छात्रावास शामिल हैं। इनमें 4 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। सुश्री आर्या का यह लाइव कन्सर्ट इन बच्चों को शिक्षा, खेल, योग एवं अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के पुनीत उद्देश्य से किया जा रहा है। सुश्री आर्या ने खचाखच भरे सभागृह में अपने गायन का शुभारंभ गणेश वन्दना से करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं से प्रेरित भजनों की श्रृंखला प्रवाहित करते हुए श्रोताओं को पूरे समय मंत्रमुग्ध बनाए रखा। इसके पूर्व एम फॉर सेवा द्वारा संचालित आदिवासी छात्रावासों में रहने वाली बालिकाओं ने भी अपनी सुंदर प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। एम फॉर सेवा के श्रीनिवासन भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

गायन की जुगलबंदी में श्रोताओं को किय़ा मंत्रमुग्ध
सुश्री आर्या के गायन में हारमोनियम पर माधव लिमये, बांसुरी पर धवल जोशी, ताल पर अपूर्व द्रविड़, पखावज पर शुभम उगले एवं तबले पर कार्तिक स्वामी ने अपनी शानदार और प्रभावी संगत देकर श्रोताओं को पूरे समय आनंदित बनाए रखा। सुश्री आर्या ने अपने गायन में यशोदा, राधा, रुकमणी और मीरा बाई पर केन्द्रित भजनों की प्रस्तुतियों का जादू बिखेरा। इस अवसर पर आश्रम की संचालन समिति की ओर से मनोज कासलीवाल, जंबू कुमार भंडारी, दिनेश मित्तल, पवन श्रीमाल, संतोष सरवटे, विवेक सिंघल, केवल जुनेजा, अजय गुप्ता, धीरेन्द्र दुबे, अशोक बवेजा, सुनील मालवीय, नीतेश सोलंकी ने अतिथियों को स्वागत किया। बड़ी संख्या में शहर के धार्मिक-सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Shares:
Leave a Reply