Popular

Culture and society

दूल्हे विष्णुजी की निकली बारात, गन्ने के मंडप में हुआ कन्यादान – विद्याधाम गूंज उठा जयघोष से 

 

दूल्हे विष्णुजी की निकली बारात, गन्ने के मंडप में हुआ कन्यादान – विद्याधाम गूंज उठा जयघोष से

देवउठनी एकादशी पर शालिग्राम – तुलसी विवाह का दिव्य आयोजन, आतिशबाजी और भजनों के बीच हुए लग्न

इंदौर। विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर देवउठनी एकादशी के उपलक्ष्य में शुक्रवार को गोधूलि बेला में तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में भगवान विष्णु को दूल्हे के रूप में मोगरे एवं गुलाब के पुष्पों से श्रृंगारित कर आश्रम परिसर में रथ-बग्घी तथा बारातियों सहित चल समारोह निकाला गया। तुलसी को भी दुल्हन के रूप में सजाकर गन्ने एवं चुनरी के मंडप में विराजित कर कन्यादान किया गया। सैकड़ों श्रद्धालु इस विवाह के साक्षी बने। सम्पूर्ण मंदिर परिसर आज विद्युत एवं पुष्प सज्जा से आलोकित बना रहा।

आश्रम परिसर स्थित शालिग्राम मंदिर पर सायं 5 बजे से ही विवाह उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई थी। आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा ने बताया कि आश्रम परिसर स्थित स्वामी गिरिजानंद सरस्वती वेद वेदांग विद्यापीठ के 250 वेदपाठी छात्र भी इस अनूठी बारात में शामिल हुए। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने मस्तक पर लड्डू गोपाल को एक बड़े थाल में विराजित कर सुसज्जित शोभायात्रा के रूप में निकाला। इस बीच रंगारंग आतिशबाजी और भजनों की मनोहारी स्वर लहरियों पर मेहमान नाचते-गाते रहे। दुल्हन पक्ष की ओर से बारातियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और उन्हें गन्ने के मंडप में विराजित किया गया। भगवान शालिग्राम एवं तुलसी के विवाह की रस्म आचार्य पं. राजेश शर्मा, आचार्य पं. डॉ. राहुल कृष्ण शास्त्री, आचार्य पं. योगेश पाराशर सहित 51 विद्वानों ने संपन्न कराई। स्वामी गिरिजानंद सरस्वती वेद वेदांग विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों द्वारा वैदिक मंगलाचरण के बीच विवाह संपन्न होते ही सम्पूर्ण परिसर भगवान शालिग्राम एवं माता तुलसी के जयघोष से गूंज उठा। शहर के अनेक विद्वानों ने भी मंदिर आकर पूजा-अर्चना की। इसके पूर्व सुबह से ही मंदिर पर भक्तों के आगमन और पूजन का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान आश्रम परिवार की ओर से सुश्री उमा शुक्ला, रमेश पसारी, रमेशचंद्र राठौर, संजय पंडित, सुरेश शर्मा, चंदन तिवारी आदि ने सभी व्यवस्थाएं संभाली।

मंदिर ट्रस्ट के पं. दिनेश शर्मा ने बताया कि विद्याधाम स्थित भगवान शालिग्राम का यह मंदिर जम्मू के रघुनाथ मंदिर के बाद देश का दूसरा शालिग्राम मंदिर है, जिसकी स्थापना 11 वर्ष पूर्व जून 2015 में आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी गिरिजानंद सरस्वती “भगवन” की प्रेरणा से की गई है। यहाँ नेपाल की गण्डकी नदी से 12 हजार 501 शालिग्राम शिलाएँ लाकर स्थापित की गई हैं। भगवान महाविष्णु यहाँ अपने दस अवतारों, मत्स्य, कुर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण, बुद्ध और कल्कि के साथ विराजमान हैं। इस मंदिर की 11 परिक्रमा करने मात्र से प्राणी को समूची पृथ्वी की सवा लाख परिक्रमा करने के समान पुण्यलाभ प्राप्त होने की बात शास्त्रों में कही गई है। आज दिनभर मंदिर की परिक्रमा करने वालों का मेला जुटा रहा।

 

 

Shares:

Popular

Popular