Popular

Culture and society

श्रृंगेरी पीठ के शंकराचार्य आज शाम सड़क मार्ग से पहुंचेंगे इंदौर, संगम नगर में होगी भव्य अगवानी

श्री श्रृंगेरी शंकराचार्य भक्त मंडल

श्रृंगेरी पीठ के शंकराचार्य आज शाम सड़क मार्ग से
पहुंचेंगे इंदौर, संगम नगर में होगी भव्य अगवानी

शंखों की मंगल ध्वनि करेंगे 108 विद्वान और सुंदरकांड पाठ भी, चन्द्रमौलीश्वर की विशेष पूजा पहली बार इंदौर में

इंदौर। शंकराचार्य पद पर सुशोभित होने के बाद श्रृंगेरी मठ के जगदगुरु शंकराचार्य श्री श्री विधुशेखर भारती सन्निधानम पहली बार शनिवार 21 नवम्बर को शाम 6.30 बजे सड़क मार्ग से इंदौर पहुंचेंगे। वे सबसे पहले स्कीम 51, संगम नगर, पॉवर हाउस के पास स्थित पं. नानूराम शर्मा सभागृह पहुंचेंगे। इसके पूर्व उनके आगमन पर 108 विद्वान पंडितों द्वारा शंखों की मंगल ध्वनि, स्वस्ति वाचन एवं वैदिक मंगलाचरण के बीच उनकी अगवानी होगी। संगम नगर में कार्यक्रम स्थल के आसपास वन्दनवार एवं रंगोली से सज्जा की गई है। मंगल कलशधारी मातृशक्ति उनकी अगवानी करेगी। पूरे मार्ग में पुष्प वर्षा होगी। शाम 8 बजे से शंकराचार्यजी भगवान चन्द्रमौलीश्वर की विशेष पूजा भी पहली बार इंदौर में करेंगे जो तीन दिनों तक इसी समय शुरू होगी। आम भक्त भी इस विशिष्ट पूजा के दर्शन लाभ ले सकेंगे। शंकराचार्यजी के साथ 60 से अधिक विद्वानों और आचार्यों का अतिविशिष्ट दल भी इंदौर आ रहा है। इनके अलावा दक्षिण भारत के करीब 150 से अधिक भक्त भी उनके दर्शन करने इंदौर आएंगे। उनकी यात्रा की गरिमापूर्ण अगवानी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
श्रृंगेरी शंकराचार्य भक्त मंडल के प्रदेशाध्यक्ष आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक ने बताया कि शंकराचार्यजी महाराष्ट्र के धुले शहर से सड़क मार्ग से शाम 6.30 बजे तक इंदौर पहुंचेंगे और सीधे संगम नगर स्थित पं. नानूराम शर्मा सभागृह में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सानिध्य प्रदान करेंगे। उनकी अगवानी में शनिवार की रात को 108 विद्वान सुंदर कांड का पाठ भी करेंगे। रात 8 बजे से भगवान चन्द्रमौलीश्वर की तीन दिन की विशेष पूजा भी प्रारम्भ होगी जिसके दर्शन का लाभ आम भक्त भी उठा सकेंगे। रविवार 22 नवम्बर को शंकराचार्यजी सुबह शहर के सभी प्रमुख धर्मस्थलों के देव दर्शन करेंगे। वे संभवतः विद्याधाम, बड़ा गणपति, रणजीत हनुमान, अन्नपूर्णा मंदिर एवं खजराना गणेश अन्य धर्मस्थलों के दर्शन पूजन करेंगे। सुबह 11 बजे बैकुंठ चतुर्दशी पर होने वाली वर्ष की सबसे बड़ी विशेष पूजा भी इस बार शंकराचार्यजी अपने इस प्रवास के दौरान इंदौर में ही करेंगे। दोपहर 12 बजे से वे संगम नगर में आम भक्तों को दर्शन और आशीर्वचन भी देंगे। शाम 6 बजे से गीता भवन के सत्संग सभागृह में शहर के 125 से अधिक धार्मिक सामाजिक संगठनों की ओर से उनका नागरिक अभिनंदन समारोह होगा। इस कार्यक्रम में राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, उषा ठाकुर, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता सहित शहर के अनेक पार्षद एवं धार्मिक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी इस कार्यक्रम का न्योता दिया गया है। शंकराचार्यजी सोमवार 23 नवम्बर को शाम 4.30 बजे युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को प्रेरक उद्बोधन देकर महेश्वर के लिए प्रस्थित हो जाएँगे।
कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण – शुक्रवार को शहर के प्रमुख आचार्य विद्वानों ने संगम नगर स्थित कार्यक्रम स्थल का पंचगव्य से आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक के निर्देशन में शुद्धिकरण किया। इस दौरान विद्वानों ने सप्तसागर के जल, श्री सूक्त, पुरुष सूक्त के पाठ एवं सत्यनारायण कथा के आयोजन कर कार्यक्रम की सफलता की प्रार्थना की।
भक्तों का आगमन शुरू – शंकराचार्यजी के दर्शन पूजन के लिए कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल एवं दक्षिण भारत के अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं का आगमन आज से ही शुरू हो गया है। अनुमान है कि करीब 150 श्रद्धालु उनके इंदौर प्रवास के दौरान उनके दर्शन पूजन के लिए आएंगे। उनके आवास एवं भोजन की व्यवस्था भक्त मंडल के सदस्यों द्वारा विभिन्न स्थानों पर की जा रही है। इनके अलावा इंदौर के आसपास उज्जैन, देवास, धार, रतलाम, खरगोन, मंदसौर, महेश्वर, मंडलेश्वर सहित अनेक शहरों के श्रद्धालु भी इंदौर आएंगे।

 

—

Shares:

Popular

Popular