Popular

Health

विश्व मधुमेह दिवस 2026 पर टाइप-1 डायबिटीज़ सपोर्ट मीटिंग आयोजित, 100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

विश्व मधुमेह दिवस 2026 पर टाइप-1 डायबिटीज़ सपोर्ट मीटिंग आयोजित, 100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

टाइप-1 डायबिटीज़ के साथ स्वस्थ, आत्मविश्वासपूर्ण और सक्रिय जीवन जीने का संदेश दिया डॉक्टर संदीप जुल्का ने

इंदौर। विश्व मधुमेह दिवस 2026 के अवसर पर वरिष्ठ एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. संदीप जुल्का द्वारा टाइप-1 डायबिटीज़ के साथ जीवन जी रहे बच्चों, युवाओं और उनके परिवारों के लिए विशेष टाइप-1 डायबिटीज़ सपोर्ट ग्रुप मीटिंग आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें लगभग 2 वर्ष के छोटे बच्चों से लेकर 35–40 वर्ष तक के युवा शामिल हुए।

कार्यक्रम का उद्देश्य टाइप-1 डायबिटीज़ के साथ जीवन जी रहे बच्चों एवं युवाओं को बीमारी के बेहतर प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें जीवन की प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में इंसुलिन के सही उपयोग, भोजन के अनुसार इंसुलिन समायोजन, ब्लड शुगर मॉनिटरिंग तथा हाई और लो ब्लड शुगर की पहचान एवं प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। हाइपोग्लाइसीमिया एवं हाइपरग्लाइसीमिया के लक्षण, उनसे बचाव, आपातकालीन परिस्थितियों में क्या करना चाहिए और बीमारी या सिक डेज़ के दौरान डायबिटीज़ को सुरक्षित तरीके से कैसे मैनेज करना है, इस पर विशेष जोर दिया गया।

स्कूल जाने वाले बच्चों को स्कूल में डायबिटीज़ प्रबंधन, खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों के दौरान सावधानियां, यात्रा एवं छुट्टियों के दौरान इंसुलिन और शुगर मॉनिटरिंग तथा अपनी डायबिटीज़ को स्वयं मैनेज करने के लिए जरूरी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों का निःशुल्क HbA1c परीक्षण भी किया गया।

इस अवसर पर टाइप-1 डायबिटीज़ के साथ जीवन जी रही कुछ ऐसी युवतियां भी उपस्थित थीं, जिन्होंने हाल ही में डॉक्टर संदीप जुल्का के मार्गदर्शन में अच्छी ब्लड शुगर नियंत्रण के साथ सफलतापूर्वक स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन, नियमित शुगर मॉनिटरिंग और बेहतर डायबिटीज़ नियंत्रण के साथ टाइप-1 डायबिटीज़ होने के बावजूद सुरक्षित गर्भावस्था और स्वस्थ बच्चे का जन्म संभव है। इससे उन युवतियों को भी प्रेरणा मिली जो भविष्य में विवाह या गर्भधारण की योजना बना रही हैं।

डॉ. संदीप जुल्का ने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज़ एक ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर में इंसुलिन का निर्माण नहीं हो पाता और मरीज को जीवनभर इंसुलिन लेना आवश्यक होता है। लेकिन सही प्रशिक्षण, नियमित मॉनिटरिंग, परिवार का सहयोग और चिकित्सकीय मार्गदर्शन से बच्चे और युवा न केवल अपनी डायबिटीज़ को बेहतर तरीके से नियंत्रित कर सकते हैं, बल्कि पढ़ाई, खेल, यात्रा, करियर, विवाह और मातृत्व सहित जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज़ के मरीजों को केवल दवाइयों तक सीमित जानकारी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपनी बीमारी को समझने, परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रशिक्षित करना भी जरूरी है।

डॉ. संदीप जुल्का द्वारा आयोजित यह टाइप-1 डायबिटीज़ सपोर्ट ग्रुप मीटिंग हर वर्ष मरीजों और उनके परिवारों को एक साझा मंच प्रदान करती है, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकते हैं, समस्याओं का समाधान सीख सकते हैं और एक-दूसरे से प्रेरणा प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम का संदेश था कि टाइप-1 डायबिटीज़ जीवन की राह में बाधा नहीं है। सही ज्ञान, सही उपचार और आत्मविश्वास के साथ हर बच्चा और युवा एक स्वस्थ, खुशहाल एवं सामान्य जीवन जी सकता है।

Shares:

Popular

Popular