Eternal Hinduism

नैराश्य के गर्त से आशा और विश्वास के शिखर तक पहुँचाने में सक्षम है गीता के संदेश

इंदौर(विनोद गोयल)। गीता हमारी आँखे खोलने वाला ग्रन्थ है। यह आँख विचार, विवेक और दिव्यता की दृष्टि प्रदान करती है। भगवद गीता वह दिव्य ग्रन्थ है जिसके संदेश नैराश्य के गर्त से व्यक्ति को आशा और विश्वास के शिखर तक पहुंचाने में सक्षम हैं। गीता की शुरुआत धृतराष्ट्र जैसे दृष्टिहीन पात्र के साथ होती है। यह अपने आप में अद्भुत तथ्य है कि जो गीता व्यक्ति को दिव्य दृष्टि प्रदान करती है उसकी शुरुआत एक दृष्टिहीन पात्र के साथ हो रही है। आज के वातावरण में समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए गीता हर दृष्टि से प्रासंगिक और बहुआयामी ग्रन्थ है। दुर्योधन ने महाभारत के युद्ध में किसी भी स्वजन से आशीर्वाद प्राप्त नहीं किया था जबकि अर्जुन को भगवान कृष्ण सहित विपक्ष के वरिष्ठों का भी आशीर्वाद मिला। जीवन में आशीर्वाद बहुत बड़ी पूंजी होती है। अहंकार और विनम्रता में अंतर देखना है तो दुर्योधन और अर्जुन के आचरण से समझा जा सकता है। गीता वर्तमान युग में पूरे विश्व के लिए मार्गदर्शक ग्रन्थ है।

प्रख्यात गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद ने दिए प्रेरक विचार
ये दिव्य और प्रेरक विचार हैं प्रख्यात गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद के, जो उन्होंने शुक्रवार को कनाड़िया रोड, मोर्या हिल्स स्थित कुसुम देवी छावछरिया सभागृह पर सूठीबाई दौलतराम पारमार्थिक न्यास की मेजबानी में प्रारंभ हुए दिव्य गीता सत्संग अनुष्ठान के शुभारंभ सत्र में उपस्थित शहर के प्रबुद्ध और गणमान्यजनों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

प्रारंभ में यजमान समूह के बालकृष्ण छावछरिया, ट्रस्ट के चेयरमैन समाजसेवी विनोद अग्रवाल, वरिष्ठ समाजसेवी पुरुषोत्तम अग्रवाल (अग्रवाल ग्रुप), सचिव कुलभूषण मित्तल कुक्की, विमल तोडी, मनोरंजन मिश्रा, डॉ. निशा जोशी, विनय छावछरिया, जयश्री अग्रवाल, दिनेश मित्तल, टीकमचंद गर्ग, निर्मल रामरतन अग्रवाल, विष्णु बिंदल, अचल चौधरी, योगेन्द्र जैन बाबा एवं खजराना गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट सहित आयोजन से जुड़े अनेक श्रद्धालुओं ने महामंडलेश्वरजी का स्वागत किया। सांसद दर्शन चौधरी एवं अन्य अतिथियों ने मंगलाचरण के बीच दीप प्रज्वलन कर इस गरिमापूर्ण आयोजन का शुभारंभ किया।

ग्लोबल इंस्पीरेशन एनलाइटनमेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ़ भगवद गीता (जीओ गीता) के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप मित्तल (दिल्ली), समाजसेवी विनोद अग्रवाल, समन्वयक डॉ. कुलभूषण मित्तल एवं प्रदेश संयोजक मनोरंजन मिश्रा (भोपाल), एसएन गोयल समाधान एवं सीए एसएन गोयल ने आयोजन एवं ट्रस्ट के सेवा कार्यों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देते हुए इंदौर में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंदजी के आगमन को सौभाग्य का सूचक बताया। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, पार्षद प्रणव मंडल, लायंस के अनेक पदाधिकारी, सीए पंकज गुप्ता, रसनिधि गुप्ता, वीरेन्द्र गुप्ता, डॉ. शरद डोसी, अनुराधा मिश्रा, सौगात मिश्रा, रवि अग्रवाल, राजेश बंसल सहित शहर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने महामंडलेश्वरजी की अगवानी की और आरती में भाग लिया।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *