Eternal Hinduism

भूतेश्वर महादेव मंदिर पंचकुइया पर शिवरात्रि महोत्सव में 88 वर्ष पुरानी परम्परा से होगी शास्त्रीय संगीत निशा

इन्दौर। शहर के पश्चिम क्षेत्र, पंचकुइया मोक्षधाम स्थित श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर पर शिवरात्रि महोत्सव की व्यापक तैयारियां प्रारम्भ हो चुकी हैं। मंदिर की 88 वर्ष प्राचीन परम्परा का निर्वाह करते हुए इस बार भी शिवरात्रि के उपलक्ष्य में 15 फरवरी को प्रातः 3 बजे ब्रह्म मुहूर्त आरती के साथ भगवान शिव की पूजा अर्चना का क्रम प्रारंभ होगा जो शाम 7 बजे शास्त्रीय संगीत निशा और उसके बाद रात्रि 12 बजे महानिशा पूजन एवं आरती तथा रात 12.30 बजे भक्ति गीत एवं कीर्तन रात्रि जागरण के साथ चारों प्रहर होगा।

ये कलाकार होंगे शामिल
श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी पं. श्री हरीशानंद तिवारी एवं आचार्य पं. यतीन्द्र तिवारी ने बताया कि शिवरात्रि के उपलक्ष्य में रविवार 15 फरवरी को शाम 7 बजे से शास्त्रीय संगीत निशा में विदुषी शोभा चौधरी का शास्त्रीय गायन होगा जिसमें तबले पर संगत मुकेश रासगाय और हारमोनियम पर राजेंद्र जोशी करेंगे। इसी तरह शास्त्रीय वायलिन वादन की प्रस्तुति ब्रजमोहन भमरेले देंगे और तबले पर संगत गांधार राजहंस करेंगे।

इस अवसर पर प्रख्यात तबला वादक पं. दिनेश शुक्ल एवं सारंग लासुरकर सोलो प्रस्तुति भी देंगे। भूतेश्वर महादेव पर शास्त्रीय गायन की परम्परा में उस्ताद अमीर खां और कुमार गंधर्व जैसे नाम शामिल हैं जिन्होंने इस मंदिर परिसर में आकर अपनी संगीत साधना भगवान शिव के चरणों में समर्पित की है।

3 बजे ब्रह्म मुहूर्त में मुहूर्त आरती
शिवरात्रि के दिन सुबह 3 बजे ब्रह्म मुहूर्त में मुहूर्त आरती के पश्चात 4 बजे से शिवार्चना और अभिषेक के बाद शाम 5 बजे दिव्य श्रृंगार दर्शन शाम 6 बजे संध्या आरती के पश्चात शास्त्रीय संगीत निशा का आयोजन होगा। मंदिर पर इन सभी कार्यक्रमों के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे है। भक्तों की सुविधा के लिए महिला–पुरुषों हेतु प्रथक दर्शन व्यवस्था, पेय जल, साफ सफाई, सुरक्षा, पार्किंग आदि के समुचित प्रबंध किए जा रहे हैं।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *