social organization

विश्व हिंदू परिषद इंदौर विभाग की चिंतन बैठक, सामाजिक समरसता और जागरण पर मंथन

इंदौर(विनोद गोयल)।  विश्व हिंदू परिषद इंदौर विभाग की महत्वपूर्ण चिंतन बैठक देवी अहिल्या रिसोर्ट में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार का विशेष मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुआ।

समसामयिक विषयों पर चिंतन
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के प्रचार प्रमुख अन्नु गेहलोत ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य हुकुमचंद सावला, प्रांत अध्यक्ष मुकेश जैन, प्रांत मंत्री विनोद शर्मा, प्रांत उपाध्यक्ष माला सिंह ठाकुर, विभाग मंत्री यज्ञेश राठी सहित विभाग एवं जिला स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा, आगामी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करना तथा समाज जीवन से जुड़े समसामयिक विषयों पर स्पष्ट दिशा प्रदान करना रहा।

समाज में समरसता का वातावरण बनाना
अपने उद्बोधन में केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में समाज के भीतर सकारात्मक ऊर्जा, जागरूकता और समरसता का वातावरण निर्मित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सामाजिक चेतना, समरसता, संपर्क विस्तार एवं प्रभावी प्रचार-प्रसार जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की शक्ति उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समाज के साथ सतत संवाद में निहित है।

संपर्क अभियान बढ़ाने पर जोर
उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा संगठन के मूल विचारों एवं उद्देश्यों को सरल, प्रभावी एवं तथ्यपूर्ण रूप में प्रस्तुत करे। बैठक में सामाजिक समरसता को विशेष प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद, सहयोग और सहभागिता बढ़ाकर ही सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है। संपर्क अभियान को गति देने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नियमित संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

मंदिर सामाजिक जागरण के केन्द्र
अर्चक एवं पुरोहितों की भूमिका पर विशेष विचार-विमर्श करते हुए कहा गया कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक जागरण के सशक्त माध्यम भी हैं। धार्मिक आयोजनों, सत्संगों और प्रवचनों के माध्यम से सांस्कृतिक मूल्यों, नैतिक शिक्षा एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है। इस दिशा में योजनाबद्ध प्रयास करने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की गई।

नैरेटिव्स पर भी चर्चा
बैठक में वर्तमान समय में विभिन्न माध्यमों से प्रसारित हो रहे नैरेटिव्स पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से सजग एवं तथ्याधारित दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया, ताकि समाज के समक्ष सकारात्मक, संतुलित एवं रचनात्मक विचार प्रस्तुत किए जा सकें। सोशल मीडिया सहित अन्य मंचों के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठित, अनुशासित एवं समर्पित भाव से समाजहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया। बैठक ने संगठन को नई ऊर्जा, स्पष्ट दिशा एवं व्यापक दृष्टि प्रदान की, जो आगामी कार्ययोजनाओं के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *