NEWSUrban administration

स्वच्छ सर्वेक्षण – निगमायुक्त ने लिया आम जनता से स्वच्छता का फीडबैक

इंदौर। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने प्रातःकाल झोन क्रमांक 7 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 33 का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद मनोज मिश्रा, अपर आयुक्त  प्रखर सिंह, झोनल अधिकारी सुनील कुमार जादौन, स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसआई एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

उद्यानों का भी निरीक्षण किया
आयुक्त सिंघल द्वारा वार्ड क्रमांक 33 अंतर्गत सुखलिया, बापट चौराहा, रजिस्ट्रार गार्डन एवं सहित वार्ड के आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। साथ ही क्षेत्र के विभिन्न उद्यानों का भी निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, कचरा संग्रहण, सड़क सफाई, नालियों की स्थिति तथा उद्यानों में स्वच्छता एवं रखरखाव की समीक्षा की गई।

विशेष स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश
आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए आयुक्त सिंघल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए तथा कचरा संग्रहण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों एवं चौराहों पर विशेष स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

रहवासियों से किया संवाद
 आयुक्त  सिंघल ने क्षेत्रीय रहवासियों से संवाद स्थापित कर सफाई व्यवस्था, जलप्रदाय, सीवरेज लाइन की स्थिति एवं उद्यान विकास के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। नागरिकों द्वारा दिए गए सुझावों पर त्वरित कार्रवाई करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों के सहयोग से ही इंदौर शहर स्वच्छता में अपना अग्रणी स्थान बनाए रख सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

Shares:
Leave a Reply