Eternal Hinduism

दुबई में पहली बार हुआ रुद्राभिषेक और श्रीयंत्र साधना, इंदौर के 11 विद्वानों ने संपन्न करवाया अनुष्ठान

इंदौर।  भारतीय संस्कृति और सनातन वैदिक परंपरा की गौरवशाली ध्वनि उस समय दुबई में गूंज उठी, जब पहली बार यहां भव्य रुद्राभिषेक एवं श्री यंत्र साधना का दिव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ।

एमपी काउंसिल दुबई ने किया आयोजित
यह अनुष्ठान एमपी काउंसिल दुबई द्वारा आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश ज्योतिष एवं विद्वत परिषद अध्यक्ष आचार्य पंडित रामचंद्र शर्मा वैदिक के आचार्यत्व में इंदौर, उज्जैन सहित अन्य 11 विद्वानों के सान्निध्य में पूर्ण वैदिक विधि-विधान के साथ आयोजित किया गया। इस अनुष्ठान में इंदौर से भी श्रद्धालु शामिल हुए। इसके अलावा दुबई में रह रहे बड़ी संख्या में इंदौर सहित प्रदेश और देश के सैकड़ों लोग शामिल हुए। सभी ने इस आयोजन की सराहना की और कहा कि इस तरह का आयोजन पहली बार दुबई में हुआ है।

वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार
एमपी काउंसिल दुबई की प्रिया अग्रवाल ने बताया आचार्य पं. शर्मा के आचार्यत्व में हुए इस अनुष्ठान की शुरुआत गणेश पूजन से हुई। इसके बाद रुद्राभिषेक हुआ। दूसरे चरण में विधि-विधान से श्री यंत्र पूजन हुआ। साथ ही महालक्ष्मीजी का सभी ने सहस्रार्चन किया। विशेष मंत्रोच्चार के साथ यह अनुष्ठान संपन्न हुआ।

जब यह अनुष्ठान चल रहा था तो पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का संचार स्पष्ट रूप से अनुभव किया गया। अनुष्ठान में दुबई के वरिष्ठ समाजसेवी वासु श्रॉफ, मिडिल ईस्ट दुबई के चेयरमैन चंद्रशेखर भाटिया, जगदीश पमनानी, वीरेंद्र तिवारी, विवेक दुबे सहित अऩ्य लोग विशेष रूप से शामिल हुए। इंदौर से श्रद्धालुओं दुबई पहुंचे। इंदौर के श्रद्धालुओं का नेतृत्व संदीप गोयल (ऑटो), राजेश गर्ग एवं शिव जिंदल ने किया। वहीं, आचार्य पं. शर्मा के सान्निध्य में पंडित राजेश शर्मा विद्याधाम, पंडित नंदकिशोर शर्मा ज्योतिर्विद, ब्रह्मचारी प्रशांत जी, पंडित हितेश शास्त्री, पंडित पवन शर्मा, कृष्णकांत शास्त्री, पंडित ओमप्रकाश एवं पंडित आशुतोष सहित अन्य विद्वानों ने विधिवत पूजन संपन्न कराया। उनकी सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और अधिक भव्यता प्रदान की। कार्यक्रम का समापन महाआरती और महाप्रसादी के साथ हुआ।

एतिहासिक आयोजन, महसूस की ऊर्जा
मिडिल ईस्ट दुबई के चेयरमैन चंद्रशेखर भाटिया ने कहा वैसे तो दुबई में पहले भी कई अनुष्ठान हुए है लेकिन रुद्राभिषेक और श्रीयंत्र साधना का यह अनुष्ठान पहली बार हुआ। यह ऐेतिहासिक आयोजन था, इसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। एमपी काउंसिल से जुड़ी प्रिया अग्रवाल ने कहा इस आयोजन से आध्यात्मिक उर्जा का संचार हुआ, जिसे दुबई के लोगों ने महसूस किया। एमपी काउंसिल के 50 से ज्यादा वॉलेंटियर ने इस आयोजन की व्यवस्थाएं संभाली। आभार जगदीश पमनानी ने माना।

Shares:
Leave a Reply