इंदौर। भारत की विविधता, संस्कृति और युवा ऊर्जा के रंगों से सजा प्रेस्टीज इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड रिसर्च, देवास का तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव “उत्सव” इस वर्ष ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ थीम के साथ पूरे उत्साह, उमंग और रचनात्मकता के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि संस्थान के जीवंत और समग्र शैक्षणिक वातावरण को भी अभिव्यक्त किया।

बौद्धिक क्षमता और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन
महोत्सव के प्रथम दिवस “बॉलीवुड के रंग” कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने विभिन्न लोकप्रिय फिल्मों के चर्चित किरदारों का सजीव मंचन कर परिसर को फिल्मी रंगों से सराबोर कर दिया। अभिनय, नृत्य और संवाद प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसी दिन आयोजित बिज़नेस क्विज़, ऐड-मैड शो और बॉलीवुड क्विज़ में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी बौद्धिक क्षमता और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। साथ ही “प्रेस्टीज हाट” में विद्यार्थियों एवं आगंतुकों ने विविध चटपटे और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया, जिससे पूरे परिसर में मेले जैसा वातावरण बन गया।
लोकसंस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया
दूसरे दिन “ट्रेडिशनल डे” के रूप में भारत की सांस्कृतिक विविधता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा और लोकसंस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। मेहंदी, रंगोली और ग्लैम-अप प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी सृजनात्मकता, सौंदर्यबोध और कलात्मक कौशल से सभी को प्रभावित किया। रंगों, परंपराओं और संस्कारों की यह झलक ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करती नजर आई।
एक अविस्मरणीय अनुभव
अंतिम दिन नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों और आकर्षक फैशन शो ने समां बांध दिया। “स्वरोत्सव” कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी सुमधुर आवाज़ से श्रोताओं का मन मोह लिया। सायंकाल आयोजित म्यूज़िकल नाइट में फैकल्टी, स्टाफ और विद्यार्थी एक साथ संगीत की धुनों पर झूम उठे। यह संध्या पूरे संस्थान के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गई।
पुरस्कार प्रदान कर किया सम्मानित
समापन समारोह में सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर इन्नोवेट एनएक्स के फाउंडर एवं सीईओ तथा पिक्सेल एनएक्स के सीटीओ हिमांशु मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही शीतल मेटल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं Prestige Group of Industries के एग्जीक्यूटिव – प्लांट ऑपरेशंस कपिल जैन सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से समारोह की गरिमा बढ़ाई।
प्रतिभा को निखारने का अवसर
समापन अवसर पर अपने संबोधन में संस्थान की निदेशक प्रो. डॉ. आशिमा जोशी ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा, “उत्सव जैसे मंच विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की भावना के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है; सह-शैक्षणिक गतिविधियाँ ही विद्यार्थियों को जीवन के वास्तविक मंच के लिए तैयार करती हैं।”


