इन्दौर(विनोद गोयल)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के उपलक्ष्य में, विद्यासागर स्कूल द्वारा गीता रामेश्वरम ट्रस्ट के सानिध्य में 10 मार्च 2026 को “नारी सम्मान” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस गरिमामय समारोह में समाज और संस्थान की उन महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने क्षेत्र में विशिष्ट योगदान दिया है। कार्यक्रम के दौरान शहर की जानी-मानी कला साधिका और उद्यमी माधवी मंडलोई जागीरदार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके साथ ही विद्यासागर स्कूल की उन शिक्षिकाओं और सहायिकाओं का भी शाल, श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंट कर अभिनंदन किया गया, जो शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
इन्हें किया सम्मानित
इस मौके पर शिक्षिका रचना जैन, देवश्री वैद्य, माया जोशी, प्रभा अजयन, हीना सोनी और इंदु सिंह और सहायिका गीता भिलाला, माया प्रजापत, रेखा चौहान और सुमन जमुरा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भविष्य में महिलाओं को किसी विशेष दिवस के माध्यम से अपनी शक्ति बताने की आवश्यकता नहीं होगी; उनका अस्तित्व और आत्मपरिचय स्वयं पूरी दुनिया के सामने अपनी पहचान स्थापित करेगा। इस मौके पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित विक्रम मस्ताल (हनुमान), प्रदेश सचिव यूथ कांग्रेस इंचार्ज, ने अपनी माता का स्मरण करते हुए जीवन में मां के सर्वोच्च स्थान को रेखांकित किया।
महिलाओं के योगदान की उपयोगिता बताई
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने भारतीय इतिहास में नारी शक्ति की गौरवशाली भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का विस्तार से वर्णन किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्राचार्या भावना पुजारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और वर्तमान परिप्रेक्ष्य में महिलाओं के योगदान की उपयोगिता बताई। कार्यक्रम का सफल संचालन मदन परमालिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर गीता रामेश्वरम ट्रस्ट के समस्त पदाधिकारी और विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।


