Devasthan (temple)

इंदौर में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया शीतला माता पूजन, मंदिरों में उमड़ी महिलाओं की भीड़, ठंडे भोजन का किया प्रसाद ग्रहण

इंदौर(विनोद गोयल)।  शहर में शीतला माता पूजन का पर्व इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों के प्राचीन शीतला माता मंदिरों में महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। माताएं और बहनें सज-धजकर मंदिर पहुंचीं और विधि-विधान से माता शीतला की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

मल्हारगंज थाने के पास स्थित लाल अस्पताल परिसर के शीतला माता मंदिर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्र होकर माताजी का पूजन किया। मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। वहीं शहर के अति प्राचीन शीतला माता मंदिर, शीतला माता बाजार में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां महिलाओं ने माताजी को हल्दी, कुमकुम, फूल और ठंडे भोग अर्पित कर पारंपरिक रीति से पूजा की।

इसी तरह सिलावटपुरा स्थित शीतला माता मंदिर में भी महिलाओं ने समूह में एकत्र होकर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। मंदिर में महिलाओं द्वारा मंगल गीत गाए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महू नाका स्थित शीतला माता मंदिर में भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने माता का पूजन कर परिवार की मंगल कामना की।

पूजन के पश्चात परंपरा अनुसार महिलाओं और परिवारों ने घरों में एक दिन पहले तैयार किए गए ठंडे भोजन का प्रसाद ग्रहण किया। मान्यता है कि शीतला माता को ठंडा भोजन अर्पित करने और स्वयं भी ठंडा भोजन करने से परिवार को रोगों से मुक्ति और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शीतला माता पूजन के दौरान मंदिरों में भक्ति, आस्था और पारंपरिक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। महिलाएं पूरे उत्साह के साथ इस पर्व में शामिल हुईं और माता शीतला से परिवार की रक्षा और खुशहाली की प्रार्थना की।

Shares:
Leave a Reply