NEWS

भगवान परशुराम जयंती पर भव्य सनातन शोभायात्रा हेतु महालक्ष्मी नगर में हुई रणनीतिक बैठक 

भगवान परशुराम जयंती पर भव्य सनातन शोभायात्रा हेतु महालक्ष्मी नगर में हुई रणनीतिक बैठक

क्षेत्र के हजारों विप्र जन, मातृशक्तियां सनातन यात्रा में होंगी सम्मिलित

इंदौर। भगवान श्री परशुराम जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य सनातन शोभायात्रा को ऐतिहासिक और अनुकरणीय स्वरूप देने के उद्देश्य से “सर्व ब्राह्मण युवा संगठन” महालक्ष्मी नगर इकाई द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आयोजन की व्यापक रूपरेखा, व्यवस्थाओं की सूक्ष्म योजना तथा दायित्वों के प्रभावी वितरण पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ समाजसेवी संजय कटारिया ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के महत्व पर प्रकाश डाला और समाज से इसमें सक्रिय सहभागिता की अपील की।

बैठक में उपस्थित समाज के वरिष्ठ जनों ने महालक्ष्मी नगर क्षेत्र से 19 अप्रैल को आयोजित होने वाले भव्य सनातन यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में विप्र बंधुओं एवं मातृशक्तियों  से भाग लेने का आवाहन किया । संगठन के महालक्ष्मी नगर इकाई अध्यक्ष पंडित अमित त्रिवेदी एवं सचिव पंडित पंकज वैद्य ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 अप्रैल को शाम 5 बजे महालक्ष्मी नगर क्षेत्र के एमआर-4 गार्डन से एक विशाल वाहन रैली का शुभारंभ किया जाएगा। इस रैली में ब्राह्मण समाज की मातृशक्ति, विप्रजन एवं क्षेत्र के सभी सनातन धर्मावलंबी बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे। वाहन रैली बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा होते हुए बापट चौराहा पहुंचेगी, जहां से शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाजजन एकत्रित होकर भगवान परशुराम जी की भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि सनातन यात्रा में अधिक से अधिक समाजजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरे क्षेत्र में निमंत्रण पत्र बांटा जा रहा है।

सर्व ब्राह्मण युवा संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष पंडित संदीप जोशी ने बताया कि भगवान श्री परशुराम, जो भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं, केवल ब्राह्मण समाज के ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन समाज के आराध्य देव हैं। इसी भावना के साथ इस वर्ष की शोभायात्रा को भव्य, दिव्य एवं सर्वसमावेशी स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जिसमें समस्त सनातन समाज की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

Shares: