NEWS

इस्कॉन मंदिर की जगन्नाथ रथ यात्रा 19 जुलाई को अन्नपूर्णा मंदिर से निकलेगी, 29 जून को 108 तीर्थस्थलों के जल से भगवान को कराएंगे स्नान

इस्कॉन मंदिर की जगन्नाथ रथ यात्रा 19 जुलाई को अन्नपूर्णा मंदिर से निकलेगी, 29 जून को 108 तीर्थस्थलों के जल से भगवान को कराएंगे स्नान

निपान्या स्थित मंदिर पर तैयारियां शुरू – पहला न्योता भगवान को किया समर्पित

इंदौर। अंतर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के निपान्या स्थित मंदिर पर इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथजी की भव्य रथ यात्रा का दिव्य आयोजन 19 जुलाई को होगा। इस बार भी रथ यात्रा अन्नपूर्णा मंदिर परिसर से राजवाड़ा स्थित गोपाल मंदिर तक निकाली जाएगी। इसके पूर्व 29 जून को भगवान जगन्नाथजी की स्नान यात्रा का आयोजन भी व्यापक पैमाने पर होगा, जिसमें भगवान को 108 तीर्थस्थलों के पवित्र जल से स्नान कराया जाएगा। रथ यात्रा की व्यापक तैयारियां प्रारंभ हो गई है।

इस्कॉन मंदिर इंदौर के अध्यक्ष स्वामी महामनदास प्रभु ने बताया कि रथ यात्रा 19 जुलाई को दोपहर 1 बजे अन्नपूर्णा मंदिर से शहर के सभी प्रमुख संत, विद्वानों, आचार्यों एवं वेदपाठी विद्वानों के सानिध्य में प्रारंभ होकर नरेन्द्र तिवारी मार्ग, रणजीत हनुमान मंदिर, महू नाका चौराहा, छत्रीपुरा, बियाबानी, मालगंज, मल्हारगंज, टोरी कॉर्नर, गौराकुंड चौराहा, खजूरी बाजार होते हुए राजवाड़ा चौक एवं वहां से गोपाल मंदिर पहुंचेगी। यात्रा मार्ग पर परम्परागत स्वागत की तैयारियां भी शुरू हो गई है।

आयोजन समिति के संयोजक हरि अग्रवाल, किशोर गोयल, अशोक गोयल एवं सह संयोजक भावेश दवे ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 29 जून को भगवान जगन्नाथ की स्नान यात्रा के साथ होगा। भगवान के प्राकट्य उत्सव के उपलक्ष्य में उन्हें देश के 108 तीर्थस्थलों के पवित्र जल, सुगन्धित दृव्यों एवं फलों के रस से स्नान कराया जाएगा। यह आयोजन निपान्या स्थित इस्कॉन मन्दिर पर दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा। महोत्सव का पहला न्योता गुरुवार को इस्कॉन मन्दिर पर भगवान जगन्नाथ को समर्पित किया गया। इस मौके पर प्रभु महामनदास के सानिध्य में क्षेत्र के पार्षद सुरेश कुरवाड़े, सयोजक हरि अग्रवाल, अशोक गोयल एवं मंदिर से जुड़े संत गिरधर गोपाल दास, अद्विधरण दास, श्रीनिकेतन दास, विशाल प्रभु, अच्युत गोपालदास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

 

 

Shares: