अग्रसेन सनातन पैनल द्वारा दादीजी के मंगल पाठ का भव्य आयोजन
इंदौर। दादी के दरबार में आने वाले सच्चे भक्त की झोली कभी खाली नहीं रहती। दादी के आशीर्वाद से ही भक्तों का बेड़ा पार हो जाता है। यह दादी के आशीर्वाद की ही ताकत है कि हम सब आज स्वस्थ, प्रसन्न और संतुष्ट बने हुए हैं। आगे भी दादी की कृपा की वर्षा हम पर होती रहेगी।
यह बात कही प्रख्यात मंगल पाठ वाचिका ममता गर्ग ने, स्नेह नगर नवलखा स्थित कच्छ पाटीदार धर्मशाला पर। यहाँ अग्रसेन सनातन पैनल की ओर से राणी सती दादीजी के मंगल पाठ का दिव्य आयोजन रखा गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में माता-बहनों ने शामिल होकर समाज में सुख, शांति और सदभाव की प्रार्थना की। इस अवसर पर श्रीमती राधा देवी मित्तल, तृप्ति गोयल, कांता अग्रवाल, प्रतिभा मित्तल, वर्षा बंसल एवं निर्मला गोयल के अलावा वरिष्ठ समाजसेवी महेश मित्तल, विनोद पोत्दार, अशोक अग्रवाल, सुरेश रामपीपल्या, संजय हाईवे, ओम बाणगंगा एवं पैनल के संयोजक राजेश बंसल पंप, नंदकिशोर कंदोई, राजू अग्रवाल राधे-राधे, राजेश कुंजीलाल गोयल भी उपस्थित थे जिन्होंने पैनल के सभी प्रत्याशियों का परिचय कराया और विश्वास दिलाया कि उनकी पैनल समाज के चौतरफा विकास के लिए हमेशा काम करती रहेगी। इस अवसर पर निर्धारित समय पर आने वाले भक्तों को उपहार भी दिए गए। मंगल पाठ में मातृशक्ति लाल एवं पुरुष सनातनी कुरता-पायजामा ड्रेस कोड में शामिल हुए। बेस्ट ड्रेसअप के लिए 11 महिलाओं का चयन किया गया। इसी तरह 5 से 10 वर्ष आयु की बालिकाओं के लिए नारायणी प्रतियोगिता भी रखी गई। सभी विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी दिए गए।


