Uncategorized

यूरोप की सबसे ऊँची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर फहरा तिरंगा

यूरोप की सबसे ऊँची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर फहरा तिरंगा

 

इंदौर । स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर देश का मान तब और बढ़ गया, जब भारतीय पर्वतारोही गोल्ड कॉईन सेवा ट्रस्ट इंदौर के सदस्य योगेश सुरजिया ने यूरोप की सबसे ऊँची और दुर्गम चोटी माउंट एल्ब्रुस (5,642 मीटर / 18,510 फीट) को सफलतापूर्वक फतह कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर चोटी के शिखर पर भारत का राष्ट्रध्वज ‘तिरंगा’ और ‘गोल्ड कॉइन’ का ध्वज लहराकर उन्होंने यह उपलब्धि पूरे देश और विश्व को समर्पित की।

गोल्ड कॉइन ट्रस्ट इंदौर के प्रमुख संजय अग्रवाल ने बताया कि माउंट एल्ब्रुस रूस के काकेशस पर्वत श्रृंखला में स्थित है। माइनस में गिरता तापमान, हाड़ कंपा देने वाली बर्फीली हवाएँ और कम ऑक्सीजन का स्तर इस चढ़ाई को बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण बना देते हैं। इन तमाम विषम परिस्थितियों और प्राकृतिक चुनौतियों का डटकर सामना करते हुए पर्वतारोही योगेश सुरजिया ने शिखर तक पहुँचने के अपने दृढ़ संकल्प को पूरा किया।

शिखर से मिला संदेश – सफलतापूर्वक फतह हासिल करने के बाद पर्वतारोही योगेश ने कहा, “5,642 मीटर की ऊँचाई पर 15 अगस्त को देश का राष्ट्रध्वज फहराना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सपना और गर्व का क्षण है। यह सिर्फ एक पर्वतारोहण की सफलता नहीं है, बल्कि हमारे देश के जज्बे और अंतहीन हौसले का प्रतीक है।” यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल खेल और साहसिक अभियानों में भारत के बढ़ते कदम को दर्शाती है, बल्कि देश के युवाओं के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा है। इस साहसिक मिशन की सफलता के बाद सोशल मीडिया और देशभर से बधाई देने वालों का ताँता लगा हुआ है। ट्रस्ट अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि योगेश द्वारा हर वर्ष एक पर्वत पर भारतीय झंडा एवं गोल्ड कॉइन सेवा ट्रस्ट का ध्वज फहराया जा रहा है। वे भविष्य में भी इस अभूतपूर्व कीर्तिमान को कायम रखना चाहते हैं। गोल्ड कॉइन सेवा ट्रस्ट उनके इस अभियान में हरसंभव भागीदार बनेगा।

 

Shares: