कांटाफोड़ शिव मंदिर पर बंगाल के कलाकारों ने बनाई जगन्नाथपुरी की भव्य झांकी, उमड़ा भक्तों का सैलाब
इंदौर,। नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर पर सावन के अंतिम सोमवार को भक्तों का सैलाब बना रहा। कोलकाता से आए 21 कलाकारों ने यहाँ जगन्नाथ पुरी के मन्दिर की तर्ज पर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के विग्रह की इतनी सजीव झांकी बनाई कि देर रात तक हजारों दर्शकों ने इस नयनाभिराम श्रृंगार को अपने मोबाइल कैमरों में संजो लिया।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग एवं संयोजक बी.के. गोयल ने बताया कि सावन के अंतिम सोमवार को मंदिर पर शाम 6 बजे से कोलकाता के 21 कलाकारों द्वारा बनाई गई भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की प्रतिकृति का रंगबिरंगी रोशनी के बीच प्रभावी और मंत्रमुग्ध कर देने वाला प्रदर्शन किया गया। यह जीवंत झांकी कोलकाता के कलाकारों ने पिछले 10 दिनों के लगातार परिश्रम से बनाई है, जिनके दर्शनार्थ भक्तों का सैलाब देर रात तक बना रहा।
रजत मंडित गर्भ गृह को 5 क्विंटल फूलों से सजाया – मन्दिर के रजत मंडित गर्भ गृह पर की गई 5 क्विंटल फूलों की सज्जा भी पूरे समय आकर्षण का केंद्र बनी रही। जगन्नाथ धाम में कलाकारों ने करीब 5 फीट ऊंची प्रतिमाएं बनाई है। मंदिर पर भक्तों के लिए दर्शन की अलग-अलग कतारें महिला-पुरुषों के लिए थी। प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रखी गई थी। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 21 कार्यकर्ता तैनात किए गए थे।
अनेक जनप्रतिनिधि भी पहुंचे – मन्दिर पर इस झांकी के दर्शन एवं आरती करने आने वालों में विधायक गोलू शुक्ला, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, विधायक महेंद्र हार्डिया, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, समाजसेवी सुभाष बजरंग, पार्षद मृदुल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में राजनेता एवं समाजसेवी पहुंचे। भक्त मंडल के संदीप गोयल, हेमंत अग्रवाल, परमानंद वालेचा, विजय लाला, वरूण हरि मंगल, मनीष गर्ग, सुशील प्रजापत, हेमंत सेठानी एवं अनेक गणमान्य भक्तों ने पूरे समय मंदिर आने वाले भक्तों का मार्गदर्शन कर सभी व्यवस्थाएं संभाली। रक्षाबंधन पर भी मंदिर पर विशेष झांकी एवं दर्शनों की व्यवस्था की जा रही है।
—


