NEWS

अन्नपूर्णा मंदिर से निकली भोलेनाथ की शाही सवारी का पूरे क्षेत्र में जगह-जगह हुआ पूजन

अन्नपूर्णा मंदिर से निकली भोलेनाथ की शाही सवारी का पूरे क्षेत्र में जगह-जगह हुआ पूजन

इंदौर। शहर के पश्चिमी क्षेत्र स्थित प्राचीन अन्नपूर्णा मंदिर पर श्रावण मास के अंतिम सोमवार को भक्त मंडल के तत्वावधान में भगवान भोलेनाथ की शाही सवारी निकाली गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर स्थित नीलकंठेश्वर महादेव का मनोहारी श्रृंगार भी भक्तों के लिए आकर्षण एवं श्रद्धा का केंद्र बना रहा। सुबह विद्वान पंडितों द्वारा महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि के सानिध्य में लघु रूद्र एवं सहस्त्रार्चन अनुष्ठान भी किया गया।

आश्रम के संचालक स्वामी जयेन्द्रानंद गिरि ने बताया कि अंतिम सोमवार को मंदिर परिसर से दशहरा मैदान मेन रोड, उषा नगर, रणजीत हनुमान तिराहे से नरेन्द्र तिवारी मार्ग होते हुए पुनः मंदिर तक भगवान भोलेनाथ की शाही सवारी का आयोजन किया गया, जिसमें ढोल-ढमाकों और बैंड-बाजों सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। क्षेत्र के विधायक मधु वर्मा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा, पार्षद अभिषेक बबलू शर्मा, शानू शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। सैकड़ों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की पालकी और रथ को हाथों से खींचकर चलते रहे। भक्तों में पालकी को उठाने की स्पर्धा पूरे समय बनी रही। विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करने के बाद शाही सवारी पुनः मंदिर पहुंची जहाँ मन्दिर ट्रस्ट परिवार की ओर से सत्यनारायण शर्मा, श्याम सिंघल, विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, सुनील गुप्ता आदि ने आरती में भाग लिया। मार्ग में भी अनेक स्थानों पर भक्तों ने मंच लगाकर पुष्प वर्षा की। इस दौरान पूरा क्षेत्र माता अन्नपूर्णा के साथ भगवान भोलेनाथ के जयघोष से लगातार गुंजायमान बना रहा। मंदिर पर चल रहे श्रावणी अनुष्ठान के तहत लघु रूद्र एवं सहस्त्रार्चन अनुष्ठान का विराम 28 अगस्त को होगा।

 

Shares: