दो सौ से अधिक थाइराइड मरीजों का किया गया उपचार माहेश्वरी कुटुम्ब और माहेश्वरी घराना की मेजबानी में महेश नगर धर्मशाला में लगाया गया निशुल्क शिविर
इंदौर। संस्था माहेश्वरी कुटुम्ब एवं माहेश्वरी घराना की मेजबानी में रविवार को महेश नगर धर्मशाला पर प्रख्यात विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र जैन के मार्गदर्शन में निशुल्क थाइराइड निदान शिविर का अनूठा आयोजन सम्पन्न हुआ जिसमें समाज के 200 से अधिक पीड़ित सदस्यों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ भी लिया और तत्काल राहत की अनुभूति भी व्यक्त की। स्थान की कमी के चलते 100 से अधिक मरीजों को निराश लौटना पड़ा।
माहेश्वरी कुटुम्ब के प्रमुख प्रकाश अजमेरा एवं माहेश्वरी घराना के राजेश मूंगड ने बताया कि स्वस्थ समाज-सशक्त समाज की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से थाइराइड जैसी तेजी से बढ़ रही बीमारी के निदान की दिशा में यह एक निस्वार्थ और सेवा भावना से प्रेरित पहल साबित हुई जब डॉ. राजेद्र जैन ने 200 से अधिक मरीजों को बिना दवाइयों के अपनी विशेष पद्धति से तत्काल राहत प्रदान करते हुए कहा कि थाइराइड जैसी गंभीर समस्या के निदान हेतु निशुल्क शिविर आयोजित करना सचमुच पीड़ित मानवता की सेवा, संवेदना और समाज के प्रति समर्पण का अनूठा उदाहरण है। प्रारम्भ में राजेश मूंगड एवं प्रकाश अजमेरा ने विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र जैन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि वे 350 से अधिक डॉक्टर्स का भी उपचार कर उन्हें ठीक कर चुके हैं। अजमेरा ने आश्वस्त किया कि जिन मरीजों का स्थान की कमी के कारण यहाँ उपचार नहीं हो सका है, उन्हें अगले एक और शिविर में लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय झंवर, मंत्री मधु भल्लिका, संगठन मंत्री रुपेश भूतड़ा, सीपी हेडा, सुरेश हेडा, सुधीर तोषनीवाल, अशोक ईनानी, ईश्वर बाहेती, पुष्प माहेश्वरी, कमलेश गगरानी, राजेश गट्टानी, श्रीमोहन सोमानी, महेश राठी (गुड्डा) सहित बड़ी संख्या में समाज की तरुनाई एवं मातृशक्ति भी उपस्थित थे। माहेश्वरी समाज की पश्चिमांचल प्रादेशिक सभा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


