इंदौर के 250 श्रद्धालु आज दोपहर उज्जैनी एक्सप्रेस से शुकताल में भागवत कथा श्रवण के लिए प्रस्थित होंगे
भागवताचार्य पं. आयुष महाराज के सानिध्य में गंगा किनारे हनुमान धाम आश्रम पर होगा अनुष्ठान
इंदौर, । श्री हरिहर भागवत मंडल की मेजबानी में शहर के ढाई सौ श्रद्धालु बुधवार 23 सितम्बर को उज्जैनी एक्सप्रेस से दोपहर 3 बजे शुकताल के लिए प्रस्थित होंगे जहाँ भागवताचार्य पं. आयुष महाराज के सानिध्य में 24 से 30 सितम्बर तक हनुमान धाम आश्रम गंगा तट पर 7 दिवसीय भागवत ज्ञान यज्ञ का संगीतमय दिव्य आयोजन होगा।
आयोजन से जुड़े विमल हेतावल ने बताया कि शुकताल वह पावन भूमि है जहाँ शुकदेव एवं धर्म सम्राट राजा परीक्षित के बीच संवाद का उल्लेख भागवत ग्रन्थ में मिलता है। शुकताल पर श्रद्धा पक्ष में किए गए अनुष्ठान सार्थक माने जाते हैं। यह आयोजन प्रकाश नगर इंदौर के कांसठ परिवार के दिवंगत सदस्यों की पुण्य स्मृति में श्रीमती सरोज राधेश्याम गुप्ता, स्व. मोहनलाल श्रीवास्तव की पावन स्मृति में उज्जैन की श्रीमती कुसुम श्रीवास्तव तथा स्व. सत्यनारायण धूपड की स्मृति में गुमानपुरा कोटा की श्रीमती वन्दना धूपड की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इस सम्पूर्ण आयोजन में कन्नौद के राधेश्याम शर्मा, बड़ा बांगडदा के विजय सिंह राठोर, टेलीफोन नगर के दुष्यंत मुकाती एवं कोदरिया महू के बीएल सैनी और छावनी के पुनीत सैनी का विशेष सहयोग मिल रहा है। शुकताल में पहुँचने वाले श्रद्धालु इस दौरान कुरुक्षेत्र की यात्रा भी करेंगे और शुकताल के आसपास के अन्य दर्शनीय स्थलों पर भी पूजा-अर्चना करेंगे। पं. आयुष महाराज के सानिध्य में इसके पूर्व देश के अन्य तीर्थस्थलों पर भी इंदौर के श्रद्धालुओं द्वारा धार्मिक अनुष्ठान कराए जा चुके हैं। बुधवार को दोपहर 3 बजे सभी श्रद्धालु ट्रेन से प्रस्थित होकर मुजफ्फर नगर पहुचेंगे और वहां से 25 किमी दूर बस द्वारा शुकताल पहुंचेंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर 12 से 3 बजे तक होगी।


