अग्रवाल संगठन नवलखा की मेजबानी में 535 परिवारों की मातृशक्ति ने गरबा रास महोत्सव में दर्ज कराई भागीदारी
राणीसती दादी के मंगल पाठ में भी शामिल हुए परिवार, आज मेहँदी एवं मातृशक्ति का सम्मान भी
इन्दौर। आनंद नगर स्थित आनंद मंगल परिसर में बीती रात अग्रवाल समाज की अग्रणी संस्था अग्रवाल संगठन नवलखा की ओर से तीन दिवसीय गरबा रास महोत्सव के पहले दिन क्षेत्र के 535 परिवारों के सभी आयु वर्ग के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और गरबा रास की शानदार प्रस्तुतियां देकर सबका मन जीत लिया।
संगठन के अध्यक्ष अखिलेश गोयल, उपाध्यक्ष पूनम गुप्ता एवं महामंत्री विकास मित्तल ने बताया कि बीती रात केसरिया खीर एवं भजिए की दावत के बीच गरबा रास का शानदार आयोजन पूरे उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ जिसमें परिवार की मातृशक्ति ने ही परम्परागत गरबा गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दी। परिसर में स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टाल्स भी लगाए गए थे और चांदनी रात में समाज के युगलों ने तस्वीरें भी खिंचवाई। सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया जहाँ मातृशक्ति ने सज-धजकर आकर खूब आनंद लिया। इस पूरे उत्सव की बागडौर मातृशक्ति ने बखूबी संभाली। महोत्सव में सोमवार की दोपहर को राणीसती दादी के मंगल पाठ का दिव्य आयोजन भी सौल्लास सम्पन्न हुआ जिसमें सभी परिवारों के सदस्यों ने भाग लिया।
आज मेहँदी और मातृशक्ति का सम्मान – मंगलवार 27 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से करवाचौथ, मेहँदी का कार्यक्रम रखा गया है जिसमें 45 वर्ष आयु तक की दो से अधिक संतानों की माताओं का सम्मान भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य समाज में घटते संयुक्त परिवार की व्यवस्था को प्रोत्साहित करने और मामा, बुआ, मौसी जैसे लुप्त हो रहे रिश्तों को संरक्षित रखने का रखा गया है। संगठन की ओर से ऐसी मातृशक्ति के प्रति सम्मान के जरिए आभार व्यक्त किया जाएगा और तद्पश्चात शाम 6 बजे से स्नेह भोज का आयोजन होगा।

