डीआईडी के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समूचे सभागृह को बनाए रखा मंत्रमुग्ध, तम्बोला भी रहा आकर्षण का केंद्र
अग्रश्री कपल्स ग्रुप की मेजबानी में आयोजित अमृत बेला गरबा महोत्सव में हुई शानदार प्रस्तुतियां
इंदौर । माणिक बाग रोड, चोईथराम हॉस्पिटल के पास स्थित गुरु अमरदास हॉल पर रविवार की रात को संस्था अग्रश्री कपल्स ग्रुप की मेजबानी में अग्रश्री अमृत बेला गरबा महोत्सव का दिव्य आयोजन धूमधाम से सम्पन्न हुआ जिसमें डांस इंडिया डांस (डीआईडी) फेम कलाकारों ने अपनी एक से बढ़कर एक आकर्षक और प्रभावी प्रस्तुतियां देकर समूचे सभागृह को मंत्रमुग्ध बनाए रखा। शहर के अनेक प्रमुख अग्रवाल संगठनों के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी इस उत्सव के साक्षी बने।
संस्था की ओर से स्वाति-राजेश मंगल एवं शीतल-रवि अग्रवाल ने बताया कि समाजसेवी सपना-कुलभूषण मित्तल कुक्की की प्रेरणा से आयोजित हुए इस महोत्सव में “झूमेगा इंदौर, खेलेगा तम्बोला” थीम पर मनोरंजक तम्बोला भी आकर्षण का केंद्र बना रहा जिसमें सैकड़ों समाज बंधुओं ने उत्साहपूर्वक शामिल होकर अनेक शानदार पुरस्कार जीते। कार्यक्रम का शुभारम्भ समाजसेवी राजेश गर्ग केटी, नितिन एपेक्स, मनीष खजांची, राजू समाधान, अरविन्द बागड़ी, संजय हाईवे, धीरज गर्ग, गणेश गोयल, प्रदीप अग्रवाल, राजेश बंसल एवं अन्य अग्रवाल संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तम्बोला में वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव, कूलर, एलईडी टीवी जैसे लाखों के पुरस्कार भी रखे गए थे।
गरबा महोत्सव में डांस इंडिया डांस (डीआईडी) के प्रख्यात कलाकारों ने ध्वनि एवं प्रकाश के अद्भुत और मनोहारी समन्वय के बीच अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से पूरे सभागृह का मन मोह लिया। प्रख्यात रंगकर्मी शुभम कालरात्रि ने भी इस महोत्सव में अपनी परम्परागत विशेष प्रस्तुति देकर दर्शकों को बांधे रखा। पूरी तरह खचाखच भरे सभागृह में दर्शकों के लिए अनेक शॉपिंग स्टाल एवं फ़ूड ज़ोन भी लगाए गए थे जहाँ देर रात तक समाज बंधुओं ने लुत्फ़ उठाया। इस अवसर पर महोत्सव के शिल्पकार तरुण शर्मा और जीत कच्छावा की टीम को भी अतिथियों ने पुरस्कृत एवं सम्मानित किया। महोत्सव की थीम “वसुधैव कुटुम्बकम अवार्ड –समय का सफर, परम्परा से आधुनिकता की ओर” विषय पर केन्द्रित रही। संस्कृति और परम्परा के संगम का समन्वय इस पूरे महोत्सव में देखने को मिला जिसकी सभी वर्ग के दर्शकों ने खुलेमन से सराहना की।

