Urban administration

लाखों का सैलाब… हजारों टन रंग-गुलाल… और 34 मिनट में चमचमाया इंदौर!

इंदौर(विनोद गोयल)।   ऐतिहासिक रंगपंचमी गैर के दौरान रविवार को पूरा इंदौर रंगों में डूब गया। लाखों लोगों का जनसैलाब गैर में उमड़ा और गाड़ियों से हजारों टन रंग, गुलाल और पानी की बौछारों ने पूरे गैर मार्ग को रंगों से तर-बतर कर दिया। शहर के हर कोने में उत्साह, उमंग और परंपरा का अद्भुत संगम दिखाई दिया।
स्वच्छता की मिसाल की पेश
लेकिन जैसे ही गैर का समापन हुआ, इंदौर नगर निगम ने फिर एक बार अपनी स्वच्छता की मिसाल पेश कर दी। नगर निगम की टीम ने चाक-चौबंद तैयारी के साथ ऐसा सफाई अभियान चलाया कि महज 34 मिनट में इंदौर के हृदय स्थल राजवाड़ा सहित पूरा गैर मार्ग चमक उठा। यही वजह है कि स्वच्छता में इंदौर देशभर में लगातार नंबर-वन की पहचान बनाए हुए है।

महापौर-अधिकारी ने बढ़ाया हौंसला
विशेष सफाई अभियान के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव और आयुक्त क्षितिज सिंघल स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे। उनके मार्गदर्शन में निगम की टीम ने तेजी से सफाई कार्य को अंजाम दिया। इस दौरान अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित निगम के अधिकारी और सफाई अमला संसाधनों के साथ मुस्तैद रहा। सभी ने अपनी मौजूदगी के साथ सफाई कर्मचारियों का हौंसला बढ़ाया।

भारी संसाधनों के साथ संभाला मोर्चा 
नगर निगम ने गैर समाप्त होते ही भारी संसाधनों के साथ मोर्चा संभाल लिया। सफाई के लिए 10 स्वीपिंग मशीन, 7 डंपर, 6 जेसीबी, 3 लॉन्ग हॉलिंग वाहन, 3 ट्रैक्टर, 30 ओपन वाहन, 20 जेट प्रेशर मशीन और 400 से अधिक सफाई मित्रों की विशेष टीम तैनात की गई थी। टीम ने गैर मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से सफाई करते हुए सड़कों को फिर से स्वच्छ बना दिया।

विशेष कचरा संग्रहण व्यवस्था
इतना ही नहीं, इस बार कचरा प्रबंधन को और अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए गेर मार्ग पर कई स्थानों पर विशेष कचरा संग्रहण व्यवस्था भी की गई थी, जिससे कचरे को तुरंत एकत्रित कर उसका निस्तारण किया जा सके। रंग, उमंग और परंपरा के बीच इंदौर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि त्योहार कितना भी बड़ा क्यों न हो, स्वच्छता से कोई समझौता नहीं। यही है इंदौर… और यही है इंदौर नगर निगम की असली पहचान।

Shares:
Leave a Reply