NEWS

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-  इंदौर को रोशन करती शहर की ट्रांसमिशन लाइनें संभाल रही महिलाएं

इंदौर(विनोद गोयल)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंदौर ने एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) में शहर की बिजली पारेषण व्यवस्था अब पूरी तरह महिला अधिकारियों की जिम्मेदारी पर संचालित हो रही है।

प्रदेश का पहला शहर
इंदौर प्रदेश का पहला ऐसा शहर बन गया है जहां बिजली उत्पादन केंद्रों से शहर तक बिजली पहुंचाने वाली ट्रांसमिशन लाइनों से लेकर एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशन के संचालन तक की कमान महिलाओं के हाथों में है।

मातृशक्ति संभाल रही ट्रांसमिशन सिस्टम
इंदौर और आसपास के जिलों की ट्रांसमिशन व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रीमती नीलम खन्ना संभाल रही हैं। वहीं शहर की ट्रांसमिशन लाइनों के रखरखाव का कार्य कार्यपालन अभियंता नम्रता जैन के नेतृत्व में किया जा रहा है। इनकी कुशल कार्यप्रणाली का ही परिणाम है कि पिछले कई वर्षों से ट्रांसमिशन लाइनों में किसी बड़े फॉल्ट के कारण इंदौर की बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई।

रात में भी काम, ताकि शहर को परेशानी न हो
दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान भी मेंटेनेंस कार्य रात में किया गया, ताकि दिन में शहरवासियों को बिजली कटौती का सामना न करना पड़े। इसी तरह इंदौर मेट्रो परियोजना समेत कई बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए जरूरी ट्रांसमिशन लाइन का काम भी जरूरत पड़ने पर रात में ही पूरा किया गया।

सबस्टेशन की जिम्मेदारी भी महिलाओं के पास
इंदौर और पीथमपुर क्षेत्र के एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशनों की बिजली आपूर्ति की जिम्मेदारी भी महिला इंजीनियर संभाल रही हैं। कार्यपालन अभियंता नूतन शर्मा, कार्यपालन अभियंता (सबस्टेशन संचालन व मेंटेनेंस) आरती शिल्पी, लोड डिस्पैच सेंटर दिव्या लाल, सबस्टेशन टेस्टिंग विनीता भावसार सहित  सुनीता राठौर, प्रज्ञा त्रिपाठी, रजनी नागर, कुशमिला मासोदकर और शीतल अल्वा जैसी महिला इंजीनियर भी अलग-अलग तकनीकी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।

हर मौसम में ड्यूटी
दिन हो या रात, आंधी-तूफान हो या तेज बारिश—ये महिला अधिकारी हर परिस्थिति में 24×7 बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए तत्पर रहती हैं। अपने समर्पण और मेहनत से इन महिलाओं ने यह धारणा भी तोड़ दी है कि बिजली जैसे तकनीकी और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में सिर्फ पुरुष ही काम कर सकते हैं।

प्रबंधन की सोच से मिला मौका
इंदौर में महिलाओं की यह मजबूत भागीदारी कोई संयोग नहीं है। कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी के नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों में महिलाओं को तकनीकी पदों पर आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं।

सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण
एमपी ट्रांसको में महिलाओं को सुरक्षित कार्य वातावरण, खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक गतिविधियां और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। इंदौर की यह पहल साबित करती है कि अवसर मिलने पर महिलाएं तकनीकी और जिम्मेदार क्षेत्रों में भी बेहतरीन नेतृत्व दे सकती हैं।

Shares:
Leave a Reply