Popular

NEWS

अग्रसेन जयंती महोत्सव के जुलूस एवं सामाजिक सम्मेलन की तैयारियों का प्रभारी महापौर ने किया अवलोकन

अग्रसेन जयंती महोत्सव के जुलूस एवं सामाजिक सम्मेलन की तैयारियों का प्रभारी महापौर ने किया अवलोकन

नगर निगम के सम्बन्धित अधिकारियों और समाज के पदाधिकारियों के साथ किया जुलूस मार्ग का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

 

इंदौर। अग्रवाल समाज के पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर रविवार 11 अक्टूबर को राजबाड़ा से चिमनबाग मैदान तक निकाले जाने वाले भव्य जुलूस की तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को प्रभारी महापौर राजेंद्र राठोर ने नगर निगम के सम्बन्धित अधिकारियों के साथ चिमनबाग मैदान और जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर अग्रवाल समाज केद्रीय समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल, संयोजक गणेश गोयल एवं अरविन्द बागड़ी सहित विभिन्न व्यवस्था समितियों के संयोजकों ने उन्हें महोत्सव की तैयारियों एवं जुलूस तथा मैदान पर होने वाले सामाजिक सम्मेलन, महाआरती आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रभारी महापौर ने जुलूस मार्ग पर समुचित प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत एवं अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने हेतु निगम अधिकारियों को निर्देश दिए। इसी तरह चिमनबाग मैदान पर भी उन्होंने निगम अधिकारियों को मैदान की साफ-सफाई, समतलीकरण, गड्ढों की मरम्मत, रोशनी और वाहन पार्किंग आदि के लिए निर्देश दिए।

केन्द्रीय समिति के प्रमुख संरक्षक विनोद अग्रवाल एवं अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल के मार्गदर्शन में संयोजक गणेश गोयल, अरविन्द बागड़ी, टीकमचन्द गर्ग, जगदीश बाबाश्री, गोविन्द सिंघल, किशोर गोयल, राम ऐरन, संतोष गोयल, राजेश बंसल, दिनेश बंसल, संजय मंडी, राजेंद्र गोयल समाधान सहित विभिन्न व्यवस्था समितियों के संयोजकों के साथ प्रभारी महापौर राजेंद्र राठोर एवं नगर निगम के सम्बन्धित अधिकारियों ने चिमनबाग मैदान और उसके बाद मैदान से राजवाडा तक के जुलूस मार्ग का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें महोत्सव के अंतर्गत आयोजित अन्य कार्यकमों तथा जुलूस की जानकारियां भी दी गई। प्रभारी महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे 11 अक्टूबर को निकलने वाले भव्य जुलूस की तैयारियों में नगर निगम की ओर से किसी भी तरह की कमी नहीं आने दें और सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने महोत्सव के प्रमुख कार्यक्रम के लिए मैदान पर बनने वाले मंच, पांडाल, भोजनशाला, महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी महालक्ष्मी के दरबार, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेट्स, वाहन पार्किंग आदि के बारे में भी जानकारी ली और अधिकारियों को सहयोग करने के निर्देश दिए।

Shares:

Popular

Popular