अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के चुनाव का शंखनाद आज से
स्कीम 140 स्थित कार्यालय से नामांकन फॉर्म वितरण होंगे, नाम वापसी 15 जुलाई तक, अंतिम सूची का प्रकाशन 16 को
इंदौर। अग्रवाल समाज की शीर्ष संस्था श्री अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी गोपालदास अग्रवाल एवं सहायक चुनाव अधिकारी मनीष खजांची और अरविंद अग्रवाल वेल्यूअर ने मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। नामांकन फॉर्म वितरण की प्रक्रिया 7 से 10 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक केन्द्रीय समिति के आंचल नगर, स्कीम 140, पीपल्याहाना स्थित हाईटेक कार्यालय पर जारी रहेगी। इसके पश्चात 8 से 11 जुलाई तक नामांकन फॉर्म जमा किए जा सकेंगे। सोमवार 13 जुलाई को जाँच के पश्चात शाम 4 बजे वैध उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा और बुधवार 15 जुलाई को शाम 4 से 7 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। गुरुवार 16 जुलाई को उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा और जरुरी हुआ तो कुल 21 पदों के लिए रविवार 26 जुलाई को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक राजीव गाँधी चौराहा स्थित शुभ कारज गार्डन पर मतदान होगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी गोपालदास अग्रवाल, सहायक मनीष खजांची एवं अरविन्द वेल्यूअर ने बताया कि नामांकन पत्र केन्द्रीय समिति द्वारा अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची में दर्ज मतदाता द्वारा ही प्रस्तुत किया जा सकेगा। इस बार मतदान में संरक्षक, आजीवन, वार्षिक एवं संस्थागत सदस्य शामिल रहेंगे। इनमें से किसी भी श्रेणी का सदस्य सिर्फ एक पद एवं एक कार्यकारिणी सदस्य का ही प्रस्तावक या समर्थक हो सकता है। महिला हेतु आरक्षित पदों, उपाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी हेतु प्रस्तावक एवं समर्थक में से किसी एक महिला सदस्य का होना आवश्यक होगा। अध्यक्ष पद के लिए सदस्य की आयु 45 वर्ष पूर्ण होना आवश्यक होगा। नामांकन वापसी के लिए भी प्रत्याशी को स्वयं उपस्थित होना होगा। नामांकन हेतु जमा शुल्क किसी भी दशा में वापस नहीं होगा। प्रत्याशी ने यदि एक से अधिक पद के लिए नामांकन भरा हो तो नाम वापसी तक कोई भी एक पद छोड़कर बाकि पदों से नाम वापस लेना होगा अन्यथा चुनाव समिति स्वविवेक से किसी एक वैध नामांकन को स्वीकार कर लेगी।
अध्यक्ष के लिए 41 हजार रु. शुल्क – नामांकन फॉर्म का मूल्य रु. एक हजार रखा गया है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने हेतु 41 हजार, महामंत्री के लिए 31 हजार, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष एवं संयोजक पद के प्रत्याशी को 21 हजार, सहमंत्री एवं सहसंयोजक को 15 हजार तथा कार्यकारिणी हेतु 8 हजार रुपए शुल्क नगद जमा कराना होगा। प्रत्येक प्रत्याशी को एक मतदाता सूची निशुल्क प्रदान की जाएगी। नामांकन पत्र निर्धारित दिनांक एवं समय पर केन्द्रीय समिति के उक्त कार्यालय पर जमा कर रसीद प्राप्त करना होगी। प्रत्याशी के साथ नामांकन पत्र प्रस्तुत करने समय प्रस्तावक एवं समर्थक की स्वयं की उपस्थिति भी अनिवार्य होगी।
आदर्श चुनाव संहिता भी – इस बार चुनाव के लिए आदर्श चुनाव संहिता भी प्रभावशील रहेगी जिसमें किसी भी प्रत्याशी या उसके समर्थन के लिए 2 एसएमएस भेजने, प्रचार सामग्री केवल ए-4 साइज़ में ही रखने, शहर एवं मतदान स्थल पर बैनर-पोस्टर का प्रयोग नहीं करने, मतदान स्थल पर प्रत्याशी या समर्थक द्वारा लाउडस्पीकर का प्रयोग नहीं करने, प्रचार सामग्री में सकारात्मक विचार एवं सामाजिक भावना को सर्वोपरि रखने का प्रावधान किया गया है।
अनुचित व्यवहार एवं विलासितापूर्ण खर्च पर भी रोक – किसी भी प्रत्याशी द्वारा प्रचार के दौरान अनुचित व्यवहार अथवा विलासितापूर्ण खर्च का प्रदर्शन होने पर मुख्य चुनाव अधिकारी ऐसे प्रत्याशी या समर्थक के विरुद्ध नोटिस देकर कार्रवाई कर सकेंगे और गंभीर अनियमितता की स्थिति में प्रत्याशी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का प्रावधान रखा गया है। सम्पूर्ण प्रक्रिया में चुनाव अधिकारी द्वारा दिया गया आदेश सर्वोपरि होगा।
कुल 21 पदों के लिए होंगे चुनाव – चुनाव में अध्यक्ष के एक पद, उपाध्यक्ष के एक महिला सहित दो पदों, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, संयोजक, सहमंत्री एवं सहसंयोजक के एक-एक पद सहित आठ पदों पर एवं कार्यकारिणी में दस पदों तथा तीन महिलाओं सहित इक्कीस पदों पर चुनाव होंगे।
आईडी प्रूफ जरुरी – गत 28 जून को आपत्तियों की सुनवाई एवं जाँच के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। मतदान के लिए आने वाले सदस्यों से फोटो एवं पते वाला आईडी प्रूफ जिनमें पासपोर्ट, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस साथ लेकर आना अनिवार्य होगा। पहचान के प्रमाण में जो पता दर्ज होगा वह केन्द्रीय समिति की अंतिम मतदाता सूची से मिलता होना चाहिए अन्यथा मतदान में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।


